Jharkhand Weather Alert: साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. सोमवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दो दिनों यानी 10 और 11 मार्च को भी कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
कई जगहों पर सोमवार को हुई बारिश
सोमवार को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. बोकारो में सबसे अधिक 24 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा धनबाद में 10 मिमी बारिश हुई, जबकि जमशेदपुर में भी कई जगहों पर छिटपुट बारिश देखने को मिली. बारिश और तेज हवा के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया.
इन जिलों में 10 मार्च को बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च को झारखंड के कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है. जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है उनमें रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं. इन जिलों में गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है. किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
11 मार्च को भी जारी रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च को भी कई जिलों में मौसम का असर जारी रहेगा. इस दिन पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग के अनुसार कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में वज्रपात भी हो सकता है. इसलिए लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
रांची में आंशिक बादल और गरज वाले बादलों के आसार
राजधानी रांची में 10 मार्च को आसमान में आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है. दिन के दौरान ये बादल गरज वाले बादलों में बदल सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है. वहीं 11 मार्च को भी दोपहर के बाद आंशिक बादल छाये रह सकते हैं. हालांकि 12 से 14 मार्च के बीच मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इसके बाद 15 मार्च को फिर से मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
तापमान में भी हो सकता है उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. सोमवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान सरायकेला-खरसांवा में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम तापमान गुमला में 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा बोकारो में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा. चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कई जिलों में बारिश से बढ़ी परेशानी
सोमवार को हुई बारिश के कारण कई जिलों में जलजमाव की समस्या भी सामने आई. बोकारो थर्मल और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर करीब चार बजे हुई बारिश के कारण डीवीसी ओवरब्रिज पर घुटने भर पानी जमा हो गया. इससे पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों के अनुसार ओवरब्रिज पर पानी निकासी के लिए बनी नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी जमा हो गया. ब्रिज पर जमा बालू और कचरे की नियमित सफाई नहीं होने से यह समस्या लगातार बनी रहती है.
किसानों को फसलों का नुकसान
बारिश और तेज हवा का असर किसानों पर भी पड़ा है. कई इलाकों में सरसों और चना की फसलों को नुकसान पहुंचा है. जिन किसानों की फसल कटाई के करीब थी, उन्हें सबसे ज्यादा नुकसान होने की आशंका है. इसके अलावा तेज हवा के कारण आम के पेड़ों पर लगी मंजरियां भी झड़ गई हैं. पेटरवार और आसपास के क्षेत्रों में ओले गिरने की भी खबर है, जिससे गेहूं, प्याज, टमाटर और गोभी जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा है.
इसे भी पढ़ें: चक्रधरपुर में बच्चा चोरी के शक में वृद्ध महिला की पिटाई, हालत गंभीर
अचानक बारिश से लोग भी हुए परेशान
गिरिडीह, धनबाद और आसपास के इलाकों में सोमवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया. आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. अचानक हुई बारिश के कारण बाजार और सड़कों पर मौजूद लोग भीग गए. कई लोगों को दुकानों और छतों के नीचे शरण लेनी पड़ी. करीब आधे घंटे से एक घंटे तक हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, लेकिन कई जगहों पर सड़कों पर जलजमाव की समस्या पैदा हो गई. शहर के कई इलाकों में लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक राज्य के कई जिलों में इसी तरह मौसम का असर देखने को मिल सकता है. इसलिए लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें: बोकारो सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था टाइट
