Jharkhand Weather Alert: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट बदल ली है. पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने से सूबे के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर हो गया है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, 16 मार्च को झारखंड के अधिकांश जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. सूबे के 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
रविवार दोपहर बाद अचानक बदला मौसम
रविवार की दोपहर के बाद झारखंड के कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया. आसमान में घने बादल छा गए और कई जगहों पर तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई. राजधानी रांची में भी मेघ गर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई. देर रात तक बादलों की आवाज और हवा चलती रही. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान रविवार को 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का मिजाज बदला रहेगा.
इन जिलों के ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 16 मार्च के लिए राज्य के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज आंधी, मेघ गर्जन, वज्रपात और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों में जाने से बचने और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है.
24 जिलों में तेज हवा और बारिश की संभावना
मौसम केंद्र के अनुसार 16 मार्च को झारखंड के लगभग सभी 24 जिलों में तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही कई जगहों पर वज्रपात और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से राज्य के मौसम में यह बदलाव आया है. इसका असर अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है.
17 मार्च को भी रहेगा खराब मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च को भी राज्य के सभी जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इस दिन भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
18 मार्च को कुछ जिलों में सामान्य रहेगा मौसम
18 मार्च को राज्य के कई जिलों में मौसम का असर जारी रहेगा. रांची सहित 18 जिलों में वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. हालांकि, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है. इन जिलों में तेज मौसमीय गतिविधियां कम देखने को मिल सकती हैं.
19 मार्च को फिर सक्रिय होगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च को एक बार फिर पूरे झारखंड में मौसम सक्रिय हो सकता है. इस दिन सभी जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. हालांकि, बारिश की तीव्रता स्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. कई क्षेत्रों में हल्की बारिश और कुछ जगहों पर केवल बादल छाए रहने की संभावना है.
अगले पांच दिनों का तापमान पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान 15 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. रांची में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इसी तरह धनबाद, देवघर, दुमका और गिरिडीह जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर में फरार प्रिंस खान के तीन गुर्गे घायल
पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें. तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. किसानों को भी सलाह दी गई है कि फसलों और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें. वहीं बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले मैदान या ऊंचे स्थानों से दूर रहें. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के इस दौर में इस तरह की मौसमीय गतिविधियां सामान्य हैं, लेकिन ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण स्थानीय स्तर पर नुकसान की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
इसे भी पढ़ें: सावधान! आज से 18 मार्च तक झारखंड के कई जिलों में हो सकती है भारी बारिश, गिरेगी बिजली
