Jharkhand Weather : 15 अगस्त को रांची सहित 20 जिलों में आकाश में बादल छाये रहेंगे. दिन में एक या दो बार कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. बीच में थोड़ी देर के लिए धूप भी निकलने की संभावना है. जबकि सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां में मध्यम दर्जे से भारी बारिश व वज्रपात की चेतावनी है. मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, अगले 12 घंटे में मॉनसूनी बादल व हवा के धीरे-धीरे कमजोर होने व झारखंड के ऊपर से निकलने की संभावना है. ऐसे में 16 अगस्त को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा व चतरा में भारी बारिश हो सकती है. वज्रपात के साथ-साथ कहीं-कहीं तेज हवा भी चल सकती है.
17-18 अगस्त को कई जिलों में बारिश का अलर्ट
17 अगस्त को पलामू, चतरा, हजारीबाग, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश हो सकती है. 18 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला- खरसावां के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. इसके बाद आसमान के साफ रहने की संभावना है. इधर, शुक्रवार को जगन्नाथपुर में 22 मिमी बारिश हुई. जबकि रांची में चार मिमी, मेदिनीनगर में 11 मिमी, बोकारो में पांच मिमी, खूंटी में सात मिमी व लोहरदगा में छह मिमी बारिश हुई. वहीं, रांची के कांके में 12 घंटे में 46 मिमी बारिश हुई.
रांची के तापमान में भारी गिरावट
बारिश से रांची के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गयी है. शुक्रवार को रांची के अधिकतम तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है. यहां का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है. न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रहा.
रांची में अब सामान्य से दो प्रतिशत कम बारिश
झारखंड में एक जून से 14 अगस्त तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम व रांची में दो प्रतिशत कम बारिश हुई है. वहीं, पश्चिमी सिंहभूम में इस अविधि में सामान्य से 32 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है.
ये भी पढ़ें: पारसनाथ पहाड़ पर निर्माण की वैधता जांचेगा प्रशासन, हाईकोर्ट ने डीसी को दिया स्थल निरीक्षण का निर्देश
ये भी पढ़ें: सारण में स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल, 11 प्लाटून ने किया परेड का अभ्यास
