दीनबंधू, दुर्जय पासवान, चंद्रप्रकाश और विकास कुमार की रिपोर्ट
Jharkhand Civic Polls: झारखंड में होने वाले निकाय चुनाव के लिए आज शनिवार शाम पांच बजे प्रचार का शोर पूरी तरह थम जाएगा. राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी के निर्देशानुसार 21 फरवरी की शाम पांच बजे से सभी प्रकार के सार्वजनिक चुनाव प्रचार पर रोक लग जाएगी. इसके बाद प्रत्याशी केवल मतदाताओं के घर-घर जाकर संपर्क कर सकेंगे. राज्य में 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 27 फरवरी को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे. चुनाव प्रचार के अंतिम दिन विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी. कहीं जुलूस निकाले गए तो कहीं बाइक रैली और पदयात्रा के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया गया.
चास नगर निगम में निकला जुलूस
चास नगर निगम क्षेत्र में मेयर पद के प्रत्याशियों ने अंतिम दिन जोरदार जुलूस निकाला. मेयर प्रत्याशी अविनाश कुमार सिंह ने चेक पोस्ट से अपने जुलूस की शुरुआत की. इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे. जुलूस में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी शामिल हुईं. पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री समेत कई प्रमुख नेता इस शक्ति प्रदर्शन में नजर आए. समर्थकों ने नारेबाजी कर अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की.
चतरा में बाइक रैली और पदयात्रा
चतरा नगर परिषद क्षेत्र में भी प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने पूरी ताकत लगा दी. किसी ने बाइक रैली निकाली तो किसी ने पैदल यात्रा कर जनता से समर्थन मांगा. नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक हो गया है. यहां भी 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना होगी.
झुमरीतिलैया में रैली और सभा
झुमरीतिलैया नगर परिषद चुनाव के प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन कई प्रत्याशियों ने रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया. कुछ प्रत्याशियों ने सभाएं आयोजित कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की. अध्यक्ष पद के लिए यहां 16 प्रत्याशी मैदान में हैं. अंतिम दिन बाजारों और मोहल्लों में चुनावी हलचल तेज रही.
गुमला में पार्षद प्रत्याशी का शक्ति प्रदर्शन
गुमला के वार्ड नंबर 20 से पार्षद उम्मीदवार रमेश कुमार चीनी ने बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया. उन्होंने शहर की बुनियादी समस्याओं को मुद्दा बनाते हुए मतदाताओं से समर्थन मांगा. रैली के दौरान समर्थकों ने विकास के वादों को लेकर प्रचार किया.
इसे भी पढ़ें: होली पर रांची से खुलेंगी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
लातेहार में रोड शो
लातेहार नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजद समर्थित प्रत्याशी मिल्यानी कुजूर ने शहर के सभी 15 वार्डों में रोड शो किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से जनसंपर्क कर समर्थन मांगा. जगह-जगह समर्थकों ने उनका स्वागत किया और अपने वार्ड के विकास को लेकर मांगें रखीं. निकाय चुनाव के प्रचार का समय समाप्त होने से पहले सभी प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है. अब सार्वजनिक सभाओं और जुलूसों पर रोक लगने के बाद उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधेंगे. चुनावी सरगर्मी के बीच अब सबकी नजरें 23 फरवरी के मतदान और 27 फरवरी को आने वाले परिणामों पर टिकी हैं.
इसे भी पढ़ें: पलामू में जया प्रदा का रोड शो, अरुणा शंकर के समर्थन में मांगा वोट
