संवाददाता, जामताड़ा. जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बालक-बालिकाओं का शनिवार से आउटडोर स्टेडियम में सात दिवसीय समर क्रिकेट कैंप शुरू हुआ. साथ ही तीन दिवसीय अंपायर एवं स्कोरर वर्कशॉप की भी शुरुआत हुई. इसका उद्घाटन कैंप में भाग लेने वाली बालिकाओं ने किया. यह प्रशिक्षण शिविर 23 मई से 29 मई तक चलेगा, जबकि अंपायरिंग एवं स्कोरिंग वर्कशॉप 25 मई तक चलेगा. पहले दिन कैंप में कुल 73 खिलाड़ियों ने भाग लिया, वहीं अंपायरिंग और स्कोरिंग वर्कशॉप में 9 प्रतिभागी शामिल हुए. जिला क्रिकेट संघ के सचिव योगेश सिंह ने कहा कि जामताड़ा में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से यह आयोजन लगातार किए जायेंगे. कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए संघ प्रतिबद्ध है, ताकि वे क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें. प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जायेगा. मुख्य प्रशिक्षक एनआइएस क्रिकेट प्रशिक्षक चंद्रदेव सिंह, सहायक प्रशिक्षक आकाशदीप चौधरी, मनीष कुमार एवं शिवम कुमार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे. मौके पर जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार झा, उपाध्यक्ष कुणाल सिंह, सदस्य विकास शर्मा, तरुण दास मौजूद रहे.
जामताड़ा में सात दिवसीय समर क्रिकेट कैंप शुरू
जामताड़ा. जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बालक-बालिकाओं का शनिवार से आउटडोर स्टेडियम में सात दिवसीय समर क्रिकेट कैंप शुरू हुआ.
