प्रतिनिधि, मिहिजाम डीसी आलोक कुमार ने नगर परिषद, मिहिजाम सभागार में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों, सीएलडब्ल्यू और आरपीएफ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नगर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, विकास योजनाओं और जनसमस्याओं की समीक्षा की. बैठक में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया तथा आम नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक से पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी ने डीसी आलोक कुमार का बुके देकर स्वागत किया. बैठक के दौरान चिरेका प्रशासन द्वारा गेट नंबर-02 बंद करने के मुद्दे पर डीसी ने सीएलडब्ल्यू प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी ली. आमजनों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने गेट नंबर-02 पर सीसीटीवी कैमरे, स्पीड ब्रेकर और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही दोपहिया वाहनों की आवाजाही गेट नंबर-02 से सुगम बनाने को कहा. हांसीपहाड़ी क्षेत्र में ईस्टर्न रेलवे से एनओसी नहीं मिलने के कारण करीब 3500 से 4000 लोगों को जलापूर्ति योजना का समुचित लाभ नहीं मिलने के मामले पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पत्राचार करने और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. रेलवे स्टेशन से गेट नंबर-01 तक सड़क पर अवैध अतिक्रमण की समस्या पर डीसी ने अभियान चलाने के साथ लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया. बैठक में नगर क्षेत्र की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. डीसी आलोक कुमार ने कहा कि सीएलडब्ल्यू के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं का भी त्वरित समाधान किया जाए. उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को संवेदनशीलता, जवाबदेही और निष्ठा के साथ जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देकर कार्य करने का निर्देश दिया. जमीन संबंधी विवादों के नियमित निष्पादन के लिए डीसी ने साप्ताहिक थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश दिया. इसके तहत अंचल अधिकारी, अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी थाना स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करेंगे. बैठक के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी पत्नी के पास कोई दस्तावेज नहीं होने के कारण आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है, जिससे उन्हें राशन भी नहीं मिल रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार आधार कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने तथा परिवार को पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इसके अलावा मानदेय भुगतान, मंईयां सम्मान योजना के लाभ सहित अन्य लंबित मामलों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. बैठक में गोपनीय प्रभारी सुजीत कुमार सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार, सीएलडब्ल्यू एवं आरपीएफ के प्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
जनहित में मिहिजाम गेट नंबर दो खोलें, सीसीटीवी व सुरक्षा उपाय अपनायें: डीसी
मिहिजाम में डीसी आलोक कुमार ने समीक्षा बैठक कर गेट नंबर दो खोलने, अतिक्रमण हटाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।

06 पदाधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त | Prabhat Khabar Network