जामताड़ा : जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में भौतिक सत्यापन के बाद अगस्त माह की सम्मान एवं पेंशन राशि लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई. डीसी आलोक कुमार के पर्यवेक्षण एवं निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने योग्य लाभुकों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया.
1,52,741 लाभुकों को मिली मंईयां सम्मान राशि
रक्षाबंधन के अवसर पर झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिले के कुल 1,52,741 लाभुकों को अगस्त 2026 की सम्मान राशि के रूप में 2,500 रुपये प्रति लाभुक की दर से भुगतान किया गया. राशि पीएफएमएस/डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजी गयी.
1,05,790 पेंशन लाभुकों के खातों में राशि हस्तांतरित
इसी तरह सर्वजन पेंशन योजना के तहत अगस्त माह की पेंशन राशि कुल 1,05,790 लाभुकों के खातों में पीएफएमएस/डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गयी. इनमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 79,704, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 12,844, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 1,215, मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 74 तथा स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 11,953 लाभुक शामिल हैं.
योग्य लाभुकों तक लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
डीसी आलोक कुमार ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत योग्य एवं अहर्ताधारी लाभुकों तक पहुंचाना प्राथमिकता है.
