जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में सोमवार को डीसी आलोक कुमार की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक में 15 अगस्त के मुख्य समारोह को भव्य एवं गरिमामय बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गयी. अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया गया.
डीसी ने मुख्य समारोह स्थल गांधी मैदान सहित प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, पंडाल, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम, मंच, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, ड्रोन कैमरा, मेडिकल सुविधा एवं चलंत शौचालय की व्यवस्था जल्द पूरी करने को कहा. बैठक में राष्ट्रध्वज फहराने के समय का भी निर्धारण किया गया.
गांधी मैदान में सुबह 9 बजे, समाहरणालय में 10:10 बजे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 10:15 बजे, जिला परिषद में 10:25 बजे, उपायुक्त न्यायालय में 10:55 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 11 बजे, एसडीपीओ कार्यालय में 11:05 बजे, साइबर थाना में 11:10 बजे, वन प्रमंडल कार्यालय में 11:20 बजे और पुलिस लाइन में 11:30 बजे झंडोत्तोलन होगा.
बताया गया कि 8 अगस्त से परेड का पूर्वाभ्यास चल रहा है. 13 अगस्त को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में अंतिम पूर्वाभ्यास होगा. इस बार 15 प्लाटून परेड में शामिल होंगे.
डीसी ने 15 अगस्त को ड्राई डे का सख्ती से पालन कराने तथा शराब की दुकानों, कसाईखानों और मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 15 अगस्त को गांधी मैदान में मैत्री क्रिकेट और फुटबॉल मैच आयोजित होगा.
मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा, आइटीडीए निदेशक जुगनू मिंज, एसी पूनम कच्छप, सीएस डॉ. एसके मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे.
