जामताड़ा में शान-ओ-शौकत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, हजारों लोग हुए शामिल

पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिवस पर जामताड़ा में हजारों लोग जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल हुए. मानवता और भाईचारे का संदेश दिया गया. जानें पूरी खबर.

जामताड़ा : पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को जामताड़ा शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी शान-ओ-शौकत के साथ निकाला गया. सरखेलडीह, पाकड़ीह, राजबाड़ी, बुधुडीह, नाराडीह, सहरपुरा समेत विभिन्न गांवों और मोहल्लों से निकले जुलूस शहर में एकत्रित हुए और निर्धारित मार्ग से भ्रमण किया. जुलूस में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए.

शान-ओ-शौकत के साथ निकाला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी l Prabhat Khabar Network

जुलूस के दौरान नात-ए-पाक और पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शान में नारों की गूंज सुनाई देती रही. युवा, बुजुर्ग और बच्चे हाथों में धार्मिक झंडे लेकर जुलूस में शामिल हुए. रास्ते में जगह-जगह लोगों के स्वागत और सेवा के लिए व्यवस्था की गई थी. राजबाड़ी कमेटी की ओर से जुलूस में शामिल लोगों के लिए खजूर और शरबत की व्यवस्था की गई.

सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद

जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. बीडीओ अबिश्वर मुर्मू और थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ पूरे जुलूस के दौरान मुस्तैद रहे. पुलिसकर्मियों ने भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ जुलूस के मार्ग पर लगातार निगरानी रखी. प्रशासन की सक्रियता के कारण जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.

मानवता और भाईचारे का दिया संदेश

इमाम मौलाना अख्तर राजा ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश का दिन पूरी दुनिया के मुसलमानों के लिए खुशी का अवसर है. इसी खुशी में जामताड़ा में जुलूस निकाला गया. उन्होंने जुलूस के शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग के लिए प्रशासन का आभार जताया.

झामुमो नेता लालू अंसारी ने कहा कि जामताड़ा हमेशा से हिंदू-मुस्लिम भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है. सभी समुदायों को आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहना चाहिए. वहीं, जसीम अंसारी ने कहा कि पैगंबर साहब ने मानवता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया, जिसे जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है.

जुलूस में मुर्तजा अंसारी, रिजवान शेख, सद्दाम हुसैन, शमशेर आलम, सादिक अंसारी, हाफिज कमरुद्दीन अंसारी, मौलाना इसहाक अंसारी, आरिफ अंसारी, मुस्ताक अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. आयोजकों ने लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कमल किशोर सागर

कमल किशोर सागर वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने NOU, पटना से जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है. कंटेंट राइटर और टेक्स्ट न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत कमल किशोर सागर को समाचार लेखन, संपादन और जनसरोकार से जुड़े विषयों को सरल एवं प्रभावी भाषा में प्रस्तुत करने का अनुभव है. पाठकों तक सरल, सटीक और विश्वसनीय समाचार पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >