संवाददाता, जामताड़ा. जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गयी. घटना प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पास हुई. मृतक की पहचान देवघर जिले के बुढ़ई गांव निवासी मुन्ना शर्मा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि ट्रेन से गिरने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
इलाज कराकर मामा के साथ लौट रहा था घर
मृतक के मामा सरभू शर्मा ने बताया कि वह अपना इलाज कराने के लिए रांची गये थे. इलाज के बाद वह मुन्ना शर्मा के साथ हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से देवघर स्थित अपने घर लौट रहे थे. शुक्रवार सुबह ट्रेन जामताड़ा स्टेशन के पास पहुंची थी. इसी दौरान मुन्ना शौचालय जाने के लिए गया.
शौचालय से लौटने के बाद वह ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ा था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.
परिवार का बड़ा बेटा था मुन्ना
मुन्ना शर्मा अपने परिवार का बड़ा बेटा था. उसकी अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें:
जमीन धंसी तो थमी ट्रेनों की रफ्तार: न्यू फरक्का में 14 ट्रेनें रद्द, देखें पूरी लिस्ट
मधुपुर जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही मधुपुर जीआरपी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस मामले की प्रक्रिया के तहत घटना की जांच कर रही है.
