संवाददाता, जामताड़ा. जामताड़ा पुलिस विभाग में पदाधिकारियों के स्थानांतरण और नव पदस्थापन को लेकर बड़ा फेरबदल किया गया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी अलग-अलग आदेशों के तहत जिले के कुल 16 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण एवं नव पदस्थापन किया गया है. इनमें नौ पदाधिकारियों को जिले के विभिन्न थानों में पदस्थापित किया गया है, जबकि आईटी एक्ट के तहत दर्ज साइबर अपराध के मामलों के अनुसंधान के लिए छह पुलिस अवर निरीक्षकों और एक पुलिस निरीक्षक को साइबर अपराध थाना, जामताड़ा में पदस्थापित किया गया है.
विभिन्न थानों में नौ पदाधिकारियों की पदस्थापना
जारी पहले आदेश के अनुसार, पुलिस अवर निरीक्षक जाहिद अंसारी को पुलिस केंद्र, जामताड़ा से जामताड़ा थाना भेजा गया है. पुलिस अवर निरीक्षक अमृत कुमार राम को साइबर अपराध थाना से नारायणपुर थाना, वैभव सिंह को साइबर अपराध थाना से करमाटांड़ थाना तथा प्रकाश सेठ को साइबर अपराध थाना से मिहिजाम थाना पदस्थापित किया गया है.
इसी तरह पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार तिवारी को पुलिस केंद्र से फतेहपुर थाना भेजा गया है. सहायक अवर निरीक्षक सुखनाथ भगत को पुलिस केंद्र से मिहिजाम थाना, सिद्धो सोरेन को पुलिस केंद्र से महिला थाना, जामताड़ा, मुन्ना कुमार सिंह को एसआईपीयू कार्यालय, सदर कोर्ट से नारायणपुर थाना तथा छोटेलाल कुमार को पुलिस केंद्र से मिहिजाम थाना पदस्थापित किया गया है.
यह भी पढ़ें:
पुरी-पटना एक्सप्रेस का बदला लुक, अब LHB कोच के साथ दौड़ेगी ट्रेन
साइबर अपराध थाना में सात अधिकारियों की तैनाती
दूसरे आदेश के तहत साइबर अपराध थाना, जामताड़ा में आईटी एक्ट के तहत दर्ज साइबर अपराध से जुड़े मामलों के अनुसंधान के लिए छह पुलिस अवर निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है.
इनमें पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार को जामताड़ा थाना से, कृष्णा कुमार को यातायात थाना, जामताड़ा से, पुष्पेश्वर दास को साइबर थाना, जामताड़ा से, गुलशन कुमार सिंह को मिहिजाम थाना से, अनिल अभिषेक को बागडेहरी थाना से तथा विकास कुमार तिवारी को करमाटांड़ थाना से साइबर अपराध थाना, जामताड़ा में पदस्थापित किया गया है.
इसके अलावा पुलिस निरीक्षक सुशील टुडू को पुलिस केंद्र, जामताड़ा से स्थानांतरित कर साइबर अपराध थाना, जामताड़ा में पदस्थापित किया गया है. इस तरह साइबर अपराध थाना में कुल सात पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है.
साइबर मामलों के अनुसंधान में मिलेगी मजबूती
साइबर अपराध थाना में अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती से आईटी एक्ट और साइबर अपराध से संबंधित मामलों के अनुसंधान में तेजी आने की उम्मीद है. पदस्थापित अधिकारियों को साइबर अपराध से जुड़े दर्ज मामलों का अनुसंधान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गयी है.
सभी अधिकारियों को तत्काल योगदान का निर्देश
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से स्थानांतरित एवं नव पदस्थापित सभी पदाधिकारियों को अपने नये पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान देने का निर्देश दिया गया है. साथ ही सभी को योगदान के बाद अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा गया है.
