जामताड़ा से निकेश कुमार की रिपोर्ट
Jamtara DC, जामताड़ा : जामताड़ा के उपायुक्त (DC) आलोक कुमार ने शनिवार को नारायणपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जन कल्याणकारी योजनाओं और जनसुविधाओं की गहन समीक्षा की. लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी चेतावनी देते हुए डीसी ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को कार्यशैली में सुधार करने के आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
गड़बड़ी पर स्टोर कीपर से मांगा स्पष्टीकरण
औचक निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त आलोक कुमार नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. वहां उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, पुरुष व महिला वार्ड, कोल्ड चेन, दवा वितरण केंद्र और कुपोषण उपचार केंद्र का जायजा लिया. इस दौरान दवा भंडारण केंद्र (स्टोर) में ऑनलाइन और ऑफलाइन स्टॉक पंजी के आंकड़ों में अंतर (गड़बड़ी) पाया गया, जिस पर डीसी ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि स्टोर कीपर बृजेश कुमार से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा जाए. डीसी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो स्टोर कीपर को सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा. हालांकि, उन्होंने कुपोषण उपचार केंद्र के संचालन और अस्पताल की सामान्य व्यवस्था पर संतोष जताया तथा परिसर में साफ-सफाई को और बेहतर करने को कहा.
Also Read: जामताड़ा में मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़झाला, कहीं नाबालिग तो बंगाल के निवासी ले रहे पैसा
जल संकट पर सख्त निर्देश
प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मनरेगा, आवास, कृषि, पेयजल एवं स्वच्छता समेत विभिन्न कोषांगों का बारीकी से जायजा लिया. बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को कड़ा निर्देश दिया कि जल संकट वाले क्षेत्रों में सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर हर हाल में समस्या को दूर किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छता अभियान को और प्रभावी ढंग से चलाने और प्रखंड परिसर में संचालित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट को सही तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया.
अनाज गोदाम के संचालन पर जताया संतोष
इसके बाद उपायुक्त ने प्रखंड परिसर में स्थित झारखंड राज्य खाद्य एवं सैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के गोदाम का भी निरीक्षण किया. उन्होंने स्टॉक एवं वितरण पंजी (रजिस्टर) का बारीकी से अवलोकन किया और अनाज के भंडारण व उठाव की पूरी जानकारी सहायक गोदाम प्रबंधक जयदेव मुर्मू से ली. इस निरीक्षण के बाद डीसी ने गोदाम के सही संचालन पर संतोष व्यक्त किया.
मतदाता पुनरीक्षण कार्य का भी लिया जायजा
प्रखंड कार्यालय और अस्पताल के निरीक्षण के बाद उपायुक्त आलोक कुमार सीधे महतोडीह और कोरीडीह गांव पहुंचे. वहां उन्होंने चल रहे विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य का जमीनी निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद ग्रामीणों को इस प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी. इस औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से आईटीडीए (ITDA) डायरेक्टर विजय कुमार, प्रभारी बीडीओ देवराज गुप्ता, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ए.के. सिंह समेत कई अन्य जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
