संवाददाता, जामताड़ा: गांधी मैदान में सोमवार को श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति के 23वें गणेश महोत्सव का धूमधाम से शुभारंभ हुआ. गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा गांधी मैदान भक्तिमय हो उठा. भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद 251 किलो मोतीचूर के लड्डू का भोग लगाया गया. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. पूजा को लेकर सुबह से ही गांधी मैदान में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी.
पहाड़ी मंदिर की तर्ज पर बना एसी पंडाल
इस वर्ष गणेश पूजा के लिए पहाड़ी मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल तैयार किया गया है. पंडाल को पूरी तरह वातानुकूलित बनाया गया है. आकर्षक विद्युत सज्जा और आधुनिक सजावट के कारण पंडाल श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है. समिति के अनुसार, जामताड़ा में पहली बार इस तरह का एसी पूजा पंडाल तैयार किया गया है.
10 दिनों तक चलेगा भव्य मेला
गणेश महोत्सव के साथ गांधी मैदान में 10 दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया गया है. मेले में भूत बंगला, जलपरी, ब्रेक डांस, तारामाची सहित विभिन्न मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं. बच्चों और युवाओं के लिए कई तरह के झूले भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इसके अलावा खान-पान के स्टॉल भी लगाए गये हैं.
रक्तदान शिविर और हवन का होगा आयोजन
महोत्सव के दौरान 20 सितंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जबकि 22 सितंबर को विशेष हवन होगा. श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए समिति की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, रोशनी और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
समिति अध्यक्ष मुक्ताराम दत्ता, बंटी चौधरी, दीनबंधु सिंह, अरूप मित्र, अनूप सिंह, अशोक मंडल, चंचल भंडारी, राजेंद्र राउत, नंदलाल गोराई, दीपक दुबे समेत अन्य सदस्य आयोजन की व्यवस्था में सक्रिय हैं. समिति ने जिलेवासियों से परिवार के साथ गांधी मैदान पहुंचकर गणेश महोत्सव और मेले का आनंद लेने की अपील की है.
