जामताड़ा. राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसपानी, गोड्डा की शैक्षणिक और चिकित्सकीय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पहल की है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्र- छात्राओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी.
29 अगस्त को खत्म हो रहा अनुबंध
कॉलेज प्रशासन ने विभाग को पत्र भेजकर कार्यरत पांच शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक पदाधिकारियों की सेवा अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया है. इनकी अनुबंध अवधि 29 अगस्त 2026 को समाप्त होने वाली है. इनमें प्रवाचक डॉ. राजीव रंजन, होम्योपैथिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार गोलू, डॉ. सुषमा हांसदा तथा अवासी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार और डॉ. हेमलता हेम्ब्रम शामिल हैं.
नियमित पढ़ाई के लिए सेवा निरंतरता जरूरी
कॉलेज प्रशासन के अनुसार अनुभवी कर्मियों की सेवा निरंतरता संस्थान के सुचारू संचालन और विद्यार्थियों के नियमित पठन पाठन के लिए जरूरी है. ऐसे में अनुबंध अवधि समाप्त होने से पहले सेवा विस्तार की पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
जल्द कॉलेज का निरीक्षण करेंगे मंत्री
मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल भवन और संसाधन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि परसपानी कॉलेज संताल परगना के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संस्थान है. वह जल्द कॉलेज का निरीक्षण करेंगे. इस दौरान शिक्षण व्यवस्था, चिकित्सकीय सेवाओं, मानव संसाधन, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों की समस्याओं की जानकारी ली जाएगी. निरीक्षण के बाद कमियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाये जाएंगे.
