प्रतिनिधि, मिहिजाम : चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (चिरेका) के चार कर्मियों को अगस्त 2026 के लिए ‘मैन ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक मोहित चंद्रा ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर अनूप कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर जुनेद अहमद, सीनियर टेक्नीशियन शिब कुमार शर्मा और टेक्नीशियन-III राजू दास को पुरस्कार प्रदान किया.
गुणवत्ता जांच से लेकर बोगी फैब्रिकेशन तक निभायी अहम भूमिका
अनूप कुमार ने मटेरियल प्रोग्रेस सेक्शन में कंप्रेसर एवं बैटरी बॉक्स लेग की गुणवत्ता जांच का कुशलतापूर्वक प्रबंधन किया. वहीं, जुनेद अहमद ने अत्याधुनिक सीएनसी प्लाज्मा कटिंग मशीन का संचालन करते हुए आवश्यक कंपोनेंट ड्राइंग को ऑटोकैड प्रारूप में तैयार करने और बोगी फैब्रिकेशन कार्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
सफाई और बेहतर रखरखाव के लिए भी की पहल
एई-07 शॉप के ट्रांसफार्मर सेक्शन में कार्यरत शिब कुमार शर्मा और राजू दास ने नियमित कार्यों के अलावा सेक्शन की सफाई और बेहतर रखरखाव के लिए विशेष पहल की. महाप्रबंधक ने सभी कर्मियों के समर्पित योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी.
