जामताड़ा : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) और झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच कराने और आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को जामताड़ा समाहरणालय गेट के समक्ष प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने किया. मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय मौजूद रहे. इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
सरकार पर साधा निशाना
रवींद्र राय ने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार गरीब विरोधी होने के साथ अब छात्र विरोधी भी साबित हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों की सीबीआई जांच से बच रही है और अपने लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है. परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया, लेकिन उन पर ही मुकदमे दर्ज कर दिये गये.
मुकदमे वापस लेने की मांग
उन्होंने आरोप लगाया कि पुतला दहन के दौरान छात्रों के साथ मारपीट की गयी और बाद में उनके खिलाफ मामले दर्ज किये गये. उन्होंने सभी मुकदमों को वापस लेने की मांग की.
युवाओं के साथ खड़े रहने का दावा
रवींद्र राय ने कहा कि भाजपा राज्य के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने छात्रों से आंदोलन से पीछे नहीं हटने की अपील करते हुए कहा कि संदिग्ध भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष सीबीआई जांच से ही युवाओं को न्याय मिल सकता है. उन्होंने दावा किया कि कथित परीक्षा घोटाले की जांच की आंच सरकार के जिम्मेदार लोगों तक भी पहुंच सकती है.
ये रहे मौजूद
मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, तरुण कुमार गुप्ता, हरिमोहन मिश्रा, माधव चंद्र महतो, कमलेश मंडल, मोहन शर्मा, राम सिंह यादव, आभा आर्या, आकाश साव सहित अन्य थे.
