जामताड़ा : शहर के गायछांद मोहल्ले में बुधवार को बरनवाल महिला समिति की ओर से सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व समिति की अध्यक्ष रीता बरनवाल ने किया. महोत्सव में बरनवाल समाज की महिलाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया और आयोजन को उत्सवमय बना दिया.
हरे रंग की साड़ियों में नजर आई महिलाएं
इस अवसर पर महिलाएं हरे रंग की साड़ी, हरी चूड़ियां और हाथों में मेहंदी लगाकर पारंपरिक अंदाज में शामिल हुईं. आयोजन स्थल पर सावन की हरियाली और उत्साह का माहौल देखने को मिला. महिलाओं ने एक-दूसरे को सावन की शुभकामनाएं दीं और मिल-जुलकर महोत्सव का आनंद लिया.
महिलाओं को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम बढ़ाने का उद्देश्य
समिति की अध्यक्ष रीता बरनवाल ने कहा कि सावन महोत्सव हमारी संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे से जुड़ा पर्व है. ऐसे आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि समिति की ओर से समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज की महिलाएं अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ी रहें.
ये शामिल रही
महोत्सव में नीतू बरनवाल, ज्योति बरनवाल, ममता बरनवाल, अंजना बरनवाल, स्नेहा बरनवाल, स्मिता बरनवाल, बुलबुल बरनवाल, रेखा बरनवाल और सुनीता बरनवाल समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं.
