जामताड़ाः बांग्ला श्रावण मास के दूसरे सोमवार के अवसर पर जामताड़ा के पबिया गांव से लगभग 30 कांवरियों का जत्था रविवार को सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ. श्रद्धालु जामताड़ा रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा सुल्तानगंज जाएंगे, जहां उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर करीब 110 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे.
रवाना होने के दौरान "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. कांवरियों ने बताया कि यह यात्रा आस्था, अनुशासन, सेवा और संयम का संदेश देती है. उन्होंने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु धार्मिक नियमों का पालन करेंगे.
श्रद्धालुओं ने बताया कि मार्ग में विभिन्न सेवा शिविरों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था रहेगी. रवाना होने से पहले सभी ने बाबा भोलेनाथ से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
