लोहारंगी मोड़ पर ट्रेलर के धक्के से साइकिल सवार की मौत

नारायणपुर. गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर नारायणपुर के लोहारंगी मोड़ के समीप शुक्रवार की संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ.

आक्रोश. मुआवजे की मांग पर परिजनों ने गोविंदपुर-साहिबगंद हाइवे किया जाम प्रतिनिधि़, नारायणपुर. गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर नारायणपुर के लोहारंगी मोड़ के समीप शुक्रवार की संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इससे साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह गांव निवासी 42 वर्षीय सुखदेव दास के रूप में हुई है. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों व स्थानीय लोगों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर हाइवे जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुखदेव दास शुक्रवार को नारायणपुर साप्ताहिक हाट से साइकिल से पोस्ता स्थित अपने ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान शाम करीब 6:45 बजे लोहारंगी मोड़ के पास तेज रफ्तार एक ट्रेलर ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुखदेव दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. वहीं, सूचना पर पोस्ता पंचायत के मुखिया वीरेंद्र प्रताप हेंब्रम भी घटनास्थल पर पहुंचे. इधर, हादसे से आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर मुआवजे की मांग शुरू कर दी. देखते ही देखते हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. स्थानीय लोगों का कहना है कि लोहारंगी मोड़ दुर्घटनाओं का हॉट स्पॉट बन चुका है. यहां अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है. बावजूद अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए हैं. लोगों ने मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की. इस दौरान मुखिया वीरेंद्र प्रताप हेंब्रम ने कहा कि लोहारंगी मोड़ पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही है. कई लोगों की जानें जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मृतक के परिजन को उचित मुआवजा दिया जाये. इधर, पुलिस के अधिकारी परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास करते रहे. काफी देर तक समझाने के बाद भी परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे. जाम हटाने को लेकर वार्ता जारी थी. पुलिस ने ट्रेलर की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. मृतक सुखदेव दास के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का कहना है कि मृतक के छोटे-छोटे बच्चे हैं. दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे. पुलिस प्रशासन परिजनों को सड़क जाम हटाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर प्रयास कर रहे थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Umesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >