प्राथमिक शिक्षक संघ की कार्यशाला में शिक्षकों ने कहा
कार्यशाला में महिला सशक्तिकरण, कुशल प्रबंधन व परस्पर संवाद पर हुई चर्चा
सूचना के आधुनिक तकनीक पर डाला गया प्रकाश
अध्यक्ष ने कहा : कुशल नेतृत्व से शिक्षकों की समस्या का निराकरण संभव
जामताड़ा : रेड क्रॅस सभागार में झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ का तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. जिसमें मुख्य रूप से स्टेट रिसोर्स परसन सैयद मंजर हसन एवं राज्य समन्वयक संजय कुमार ने भाग लिया. कार्यशाला में शिक्षा में गुणात्मक शिक्षा पर विशेष रुप से चर्चा की गयी. साथ ही महिला सशक्तिकरण, कुशल प्रबंधन तथा परस्पर संवाद पर भी चर्चा की गयी. राज्य समन्वयक संजय कुमार ने कहा कि शिक्षकों के सहयोग के बिना शिक्षा के लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा सकता.
इसलिए सरकार को शिक्षकों से सहयोग लेकर ही ऐसी शिक्षा नीति बनायें ताकि विद्यालय में क्रियात्मक शिक्षा का माहौल तैयार हो सके. स्टेट रिसोर्स परसन सैयद मंजर हसन ने कहा कि महिलाओं की भूमिका एवं नेतृत्व में भागीदारी सुनिश्चित किये बिना महिला शसक्तिकरण के लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा सकता. उन्होंने संगठन की उपलब्धियों एवं क्रियाकलापों को सदस्यों तक पहुंचाने के लिए सूचना की आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला.
जिलाध्यक्ष लक्ष्मण झा ने कहा कि कुशल नेतृत्व द्वारा ही शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण किया जा सकता है. मौके पर उपाध्यक्ष दाउद अंसारी, प्रधान सचिव बरुण मंडल, कार्यालय सचिव खालेक जामा, उप प्रधान सचिव प्रमोद कुमार राय, संयुक्त सचिव नरसिंह मंडल, अनिल झा, जिला प्रवक्ता नवीन कुमार, जामताड़ा अंचल सचिव मनोरंजन कुमार झा, रणजीत सिंह, परेश नाथ यादव, बिनय कुमार मित्र, अश्विनी कुमार दत्ता, सहित अनेकों शिक्षकों ने भाग लिया.
