बैठक. प्रधानमंत्री कृषि योजना से जामताड़ा में दूर होगा जल संकट
जल संकट से निबटने के लिए प्रशासन अपने स्तर से तैयारी कर रहा है. प्रधानमंत्री कृषि योजना के तहत जगह-जगह पानी रोकने की व्यवस्था की जायेगी. अजय बराज योजना के मुख्य नहर में जगह-जगह पानी रोकने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है.
जामताड़ा : अपर समाहर्ता कार्यालय में प्रधानमंत्री कृषि योजना को लेकर एसी विधान चंद्र चौधरी ने जल संचयन को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ जिलास्तरीय बैठक की. जिसमें अपर समाहर्ता ने पदाधिकारियों को भीषण जल संकट से अवगत कराया.
कहा, अभी से ही यदि हम जल संचयन को लेकर सचेत नहीं हुए तो आने वाले समय में हमें जल संकट से गुजरना पड़ेगा. उन्होंने अजय बराज योजना के मुख्य नहर में जगह-जगह पानी रोकने की व्यवस्था को लेकर दिशा निर्देश दिये. वहीं पशुपालन विभाग के पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि पशुओं को पानी के लिए कितने पानी की आवश्यकता है रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय को दें.
अवसर पर भूमि संरक्षण, वन विभाग, कृषि विभाग, मनरेगा विभाग, केंद्रीय जल आयोग, सांख्यिकी विभाग, पशुपालन, मत्स्य विभाग, सिंचाई, लघु सिंचाई सहित सभी जल संचयन विभाग के अधिकारी मौजूद थे.
