मिहिजाम : चित्तरंजन रेलनगरी की बस्ती में बुधवार को दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई. जमीन कब्जा करने को लेकर छिड़ी इस आपसी जंग में तलवार, लाठी डंडे भी निकले.
इस घटना में एक बच्चा समेत आधे दर्जन लोग घायल हो गये हैं. घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंची चितरंजन पुलिस को देखकर सभी हमलावर और घायल छुप गये. पुलिस के जाते ही फिर दो गुटों में झड़प शुरू हो गयी. बताया जा रहा है कि घायलों को गुपचुप तरीके से पुलिस से छुपाकर इलाज कराया जा रहा है.
क्या है मामला : घटना के बारे में बताया जा रहा है कि चित्तरंजन में चिरेका की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गये. कई दिनों से यह विवाद चला आ रहा था. घटना चित्तरंजन थाना क्षेत्र के फतेहपुर इलाके से संलग्न अजय नदी के किनारे बने बरियल ग्राउंड और आरपीएसएफ प्रशिक्षण केंद्र से सटी केशिया खटाल नामक अवैध बस्ती में की है. जहां मवेशी पालने वाले कई परिवार अरसे से रह रहे हैंै. दूसरी ओर घटना को लेकर पुलिस पड़ताल में जुट गयी है. हमलावरों और घायलों की तलाश की जा रही है.
