कुंडहित : मछली मारने के विवाद में गुरुवार देर रात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से मार कर श्यामलाल धीवर की हत्या कर दी. मामला चार माह पहले मछली मारने को लेकर उत्पन्न हुआ विवाद बताया जाता है. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी है. पूरे गांव के लोग मर्माहत हैं. इस घटना में दो अन्य जयदेव धीवर व एक अन्य घायल हो गये हैं.
कुंडहित थाना प्रभारी केडी झा ने बताया कि घायल जयदेव धीवर सिउड़ी अस्पताल में भरती है. जिसने बताया है कि वह और उसका भगना श्यामलाल धीवर गुरुवार की रात रायबांध तालाब की रखवाली करने के लिए तालाब के किनारे ही सोया था. देर रात करीब तीन बजे गांव के ही बिजू धीवर व उसका भाई काजल धीवर आया और उन दोनों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इसमें श्यामललाल धीवर की मौत हो गयी. जबकि वह घायल हो गया.
क्या है विवाद
जयदेव ने अपने बयान में बताया है कि चार माह पहले रायबांध तालाब में मछली मारने को लेकर बिजू धीवर व उसके भाई काजल धीवर के साथ श्यामलाल सहित उनका विवाद हुआ था. उस समय काफी ताना-तानी हुई थी. तब से लेकर अब तक समय-समय पर विवाद होता आ रहा था. गुरुवार रात दोनों ने इसी का गुस्सा उतारा है और श्यामलाल की हत्या कर उसे घायल कर दिया है. फिलहाल जयदेव की हालत काफी गंभीर है उसका इलाज सिउड़ी अस्पताल में किया जा रहा है.
