काठीकुंड : दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग स्थित पिपरा मोड़ के समीप इंडिका कार के अनियंत्रित हो जाने से वाहन पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. चारपहिया वाहन में एक पांच वर्षीय बच्ची समेत कुल 6 लोग सवार थे. सभी पाकुड़ जिला के अमड़ापाड़ा से सटे दुर्गापुर गांव के निवासी हैं.
वे लोग शादी में शामिल होने के लिए रामगढ़ जा रहे थे. जाने के क्रम में मधुबन से ठीक पहले पिपरा मोड़ के पास संतुलन खोने से यह हादसा हुआ. घटना इतनी भयावह थी कि जिस दिशा से वाहन आ रही थी पुन: उसी दिशा की ओर मुड़ गयी.
वाहन में सवार छोटी बच्ची पूजा हांसदा को चेहरे पर हल्की चोट व तीन अन्य लोगों को आंशिक चोटें आयी. घटना की जानकारी मिलते ही सहायक अवर निरीक्षक सहरू उरांव ने दल-बल के साथ पहुंच घायलों को नयाडीह स्थित रिंची अस्पताल पहुंचाया. बबलू गुप्ता को हादसे में गंभीर चोट आयी है. चिकित्सकों के अनुसार उसके दोनों हाथ टूट गया है और सिर व छाती में भी चोट लगी है.
प्राथमिक इलाज के बाद बबलू को बाहर रेफर कर दिया गया. जकारूस हांसदा व राहुल राय भी जख्मी है, जिनका इलाज रिंची में ही चल रहा है. इंडिका कार जेएच 16बी 3653 को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. घटना में वाहन बूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. इंडिका वाहन का ड्राईवर मौके से भागने में सफल रहा.
