युवक ने नदी में लगाई छलांग, बाइक के नंबर से हुई पहचान, तलाश जारी

झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित जामशोला पुलिया से एक युवक ने सुवर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी. पुलिस और बचाव दल युवक की तलाश में जुटे हैं. जानें पूरी घटना.

बहरागोड़ा : झारखंड-ओडिशा सीमा स्थित जामशोला पुलिया से रविवार सुबह एक युवक ने सुवर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी. युवक की पहचान उसकी बाइक के नंबर के आधार पर ओडिशा के चादुआ गांव अंतर्गत कुम्हार टोला निवासी रासबिहारी बेहरा (30) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा, झारपोखरिया और पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं, ओडिशा अग्निशमन सेवा की बचाव टीम भी पहुंची. नदी में युवक की तलाश शुरू की गयी.

पिछले कुछ दिनों से चिंतित था रासबिहारी

जानकारी के अनुसार, रासबिहारी रविवार सुबह करीब 10 बजे बाइक (ओडी 11 एएम 1169) से जामशोला स्थित सुवर्णरेखा नदी के किनारे पहुंचा था. उसने बाइक को किनारे खड़ा किया. इसके बाद पुलिया की दीवार पर चढ़कर नदी में छलांग लगा दी. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना पर परिजन भी घटनास्थल पहुंचे. परिजनों ने बताया - रासबिहारी शनिवार सुबह बाइक लेकर घर से निकला था. वह पिछले कुछ दिनों से काफी चिंतित था. हालांकि चिंता का कारण परिजनों को पता नहीं है. रासबिहारी की अभी शादी नहीं हुई थी.

350 फुट लंबी पुलिया पर सुरक्षा का अभाव

जामशोला पुलिया करीब 350 फुट लंबी है. पुलिया पर सुरक्षा के मद्देनजर कोई विशेष घेराबंदी नहीं की गयी है. करीब तीन फुट ऊंची रेलिंग होने के कारण कोई भी व्यक्ति आसानी से उसके ऊपर चढ़ सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया पर पर्याप्त सुरक्षा घेराबंदी नहीं होने के कारण ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है. पुलिया पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sidharth Anand

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >