व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया गया था रजिस्ट्रेशन लिंक
क्यूआर कोड के माध्यम से 700 रुपये जमा करने का दिया गया था निर्देश
पहले विश्वविद्यालय में इंटर्नशिप नि:शुल्क करायी जाती रही है
Jamshedpur News :
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी एक बार फिर विवादों में आ गयी है. इस बार मामला सेमेस्टर-5 की छात्राओं से इंटर्नशिप के लिए 700 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क लेने का है. छात्राओं के विरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित रजिस्ट्रेशन लिंक बंद कर दिया है.जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय की ओर से छात्राओं के व्हाट्सएप ग्रुप में एक रजिस्ट्रेशन लिंक साझा किया गया था. लिंक में नाम, रोल नंबर सहित अन्य जानकारी मांगी गयी थी. छात्राओं का आरोप है कि लिंक के साथ दिये गये क्यूआर कोड के माध्यम से 700 रुपये जमा करने का निर्देश दिया गया था. कई छात्राओं ने निर्धारित राशि का भुगतान भी कर दिया.बताया जाता है कि विश्वविद्यालय ने इंटर्नशिप संचालन के लिए परसुडीह स्थित एक निजी संस्थान को वर्क ऑर्डर जारी किया था. छात्राओं का कहना है कि पूर्व में इंटर्नशिप नि:शुल्क करायी जाती रही है, ऐसे में शुल्क वसूली को लेकर सवाल उठ रहे हैं.मामला सामने आने के बाद कुलपति ने इसकी समीक्षा की. विवाद बढ़ता देख प्रशासन ने रजिस्ट्रेशन लिंक तत्काल बंद कर दिया और विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी है.
