चाकुलिया: चाकुलिया हवाई पट्टी परिसर स्थित ठोस अपशिष्ट कचरा प्रबंधन प्लांट में गुरुवार की रात एक जंगली हाथी घुस गया. हाथी ने प्लांट के अंदर करीब दो घंटे तक जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान उसने प्लांट का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और कार्यालय के कांच के दरवाजों व खिड़कियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथी के अचानक प्लांट में घुसने से वहां मौजूद नाइट गार्ड के बीच अफरा-तफरी मच गयी. गार्ड ने किसी तरह छिपकर अपनी जान बचायी.
मुख्य दरवाजा तोड़कर प्लांट में घुसा हाथी
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात जंगली हाथी हवाई पट्टी परिसर स्थित कचरा प्रबंधन प्लांट के पास पहुंचा. इसके बाद उसने प्लांट का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गया. प्लांट के भीतर पहुंचने के बाद हाथी ने काफी देर तक उत्पात मचाया. उसने कई जगहों पर तोड़फोड़ की. करीब दो घंटे तक हाथी के प्लांट में रहने से नाइट गार्ड भयभीत रहा और सुरक्षित स्थान पर छिपा रहा.
दो दिन पहले भी हाथी ने पहुंचाया था नुकसान
ठोस अपशिष्ट कचरा प्रबंधन प्लांट का संचालन करने वाली पायोनियर कंपनी के इंचार्ज गौरव शर्मा ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ रहा है. कचरा प्लांट के आसपास अक्सर जंगली हाथियों का आवागमन होता रहता है. उन्होंने बताया कि दो दिन पहले भी एक जंगली हाथी प्लांट में घुस आया था और काफी नुकसान पहुंचाया था.
हाथियों के आवागमन से कर्मचारियों में दहशत
गौरव शर्मा ने बताया कि हाथियों ने प्लांट के मुख्य दरवाजे के अलावा कार्यालय में लगे कांच के दरवाजों और खिड़कियों को तोड़ दिया है. लगातार हाथियों के प्लांट परिसर में पहुंचने से कर्मचारियों और नाइट गार्ड में दहशत का माहौल है. क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए प्लांट की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों के उत्पात पर रोक लगाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
