Jamshedpur news.
दलमा की दुरुस्त होती आबोहवा का एक और नजारा देखने को मिला है. हाल के दिनों में दलमा में लगातार कई भालू देखे जा रहे हैं. बाघ पर नजर रखने के लिए लगाये गये ट्रैप कैमरे में कई भालू एक साथ दिखे हैं. भालुओं की मौजूदगी ने वन विभाग में नयी जोश भर दिया है. दलमा की सेंसस रिपोर्ट 2022 के मुताबिक, दलमा में 21 भालू थे, लेकिन वन विभाग का यह आकलन है कि इस बार भालू की संख्या काफी अधिक रहेगी. वजह है कि कई सारे ट्रैप कैमरे में भालू दिखे हैं. भालू के लिए भी दलमा में माकूल माहौल है.भालू के एक बच्चे को वन विभाग ने रेस्क्यू किया था
पिछले दिनों ही भालू के एक बच्चे को भी वन विभाग द्वारा रेस्क्यू किया गया था. उक्त बच्चा कहीं से बिछड़ गया था. इसके बाद ग्रामीणों ने उसको बांधकर रख लिया था. इसके बाद वन विभाग ने इसे रेस्क्यू किया. वैसे 2022 के पहले 2019 में हुई गणना में भी भालुओं की संख्या बढ़ी थी. 2019 के सेंसस में जहां 19 भालू पाये गये थे, वहीं 21 भालू 2022 के सेंसस में पाये गये हैं.कटाशनी पहाड़ में है गुफा, जहां सुकून महसूस करते हैं भालू
दलमा में भालुओं की मौजूदगी हमेशा रही है. चूंकि जंगल में उनके अनुकूल फलदार वृक्ष लगाये गये हैं, तो वहीं कटाशनी पहाड़ में भालू की गुफा भी है. लिहाजा, यहां भालू सुकून महसूस करते हैं. दलमा के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि भालू कई सारे ट्रैप कैमरे में जरूर दिखे हैं, लेकिन हम लोग अभी बता नहीं सकते हैं कि कितने हैं. अभी जब गणना होगी, तो मालूम चलेगा. वहीं ट्रैप कैमरे का रिजल्ट काफी उत्साहवर्धक है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
