बहरागोड़ा: लगातार हो रही बारिश का सीधा असर अब सब्जियों की कीमतों पर दिखने लगा है. खेतों में पानी जमा होने और अत्यधिक बारिश के कारण सब्जियों की फसल प्रभावित हो रही है. कई जगहों पर सब्जियां खेत में ही खराब हो रही हैं. इससे बाजार में सब्जियों की आवक कम हो गयी है और कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
शिमला मिर्च 200, अदरक-लहसुन भी 200 रुपये किलो
बहरागोड़ा बाजार में वर्तमान में भिंडी और टमाटर 60 रुपये किलो बिक रहे हैं. बैंगन, पटल और गाजर 60 रुपये किलो हैं. झींगा, खीरा और करेला 50 रुपये किलो बिक रहा है. शिमला मिर्च की कीमत 200 रुपये किलो पहुंच गयी है. प्याज 60 रुपये, अदरक 200 रुपये और लहसुन 200 रुपये किलो बिक रहा है. वहीं, लौकी 30 रुपये प्रति पीस की दर से मिल रही है.
सब्जियों के बढ़े दाम से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी गृहणियों को हो रही है. उनका कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण रसोई का बजट बिगड़ गया है. पहले सीमित बजट में परिवार के लिए अलग-अलग सब्जियां आसानी से खरीदी जा रही थीं, लेकिन अब कीमत बढ़ने के कारण लोग जरूरत के हिसाब से ही सब्जियां खरीद रहे हैं.
आवक कम होने से बढ़े दाम
सब्जी विक्रेताओं के अनुसार लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार में सब्जियों की आवक प्रभावित हुई है. खेतों में पानी जमा रहने से फसल को नुकसान पहुंच रहा है. बारिश के कारण सब्जियों की तुड़ाई और परिवहन में भी परेशानी हो रही है. मांग के अनुरूप बाजार में आपूर्ति नहीं होने से कीमतों में तेजी आयी है.
विक्रेताओं का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम और बढ़ सकते हैं. बारिश थमने और खेतों से पानी निकलने के बाद ही सब्जियों की आवक सामान्य होने तथा लोगों को कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है.
