Jamshedpur: टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा के जन्मदिवस पर उनको भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई. टाटा स्टील के जमशेदपुर स्थित प्लांट के मुख्य गेट पर आयोजित इस कार्यक्रम में टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखर, टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा समेत अन्य पदाधिकारियों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान सभी ने बारी-बारी से जेएन टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित किए. इस दौरान टाटा स्टील और टाटा समूह से जुड़ी कंपनियों के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे. टाटा समूह की ओर से संस्थापक दिवस को साल की नयी शुरुआत करती है. इस बार का थीम है ‘वन टाटा वन विजन’.
टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा का जन्मदिन काफी भव्य रूप में मनाया गया. टाटा स्टील और टाटा समूह की अन्य कंपनियों के विभिन्न विभागों का प्रतिनिधित्व करने वाले कुल 42 झांकी संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित औपचारिक परेड में शामिल हुए. नागरिक सलाहकार परिषद के सदस्य, टाटा स्टील और समूह की कंपनियों के श्रमिक संघ प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान, चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मीडियाकर्मियों से बातचीत की और टाटा स्टील की विकास यात्रा, रणनीतिक प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला, साथ ही सतत विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दोहराया. संस्थापक दिवस टाटा स्टील के लिए सामूहिक गौरव का क्षण बना हुआ है, जो जमशेदजी नसरवानजी टाटा की अमिट विरासत और दूरदर्शी नेतृत्व का सम्मान करता है, जिनके आदर्श संगठन के भविष्य के मार्ग का मार्गदर्शन करते हैं.
टाटा समूह रोजगार के नये अवसर देगा : चंद्रशेखरन
टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा है कि टाटा समूह में एआई के जरिये टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में नौकरी बढ़ेगी. अभी टाटा समूह में कर्मचारियों की संख्या 9 लाख से बढ़कर 11 लाख हो गयी है, जिसकी संख्या 15 लाख तक पहुंच जायेगा. उन्होंने कहा कि विश्व में युद्ध के हालत उत्पन्न हुए है. मुश्किल हालात हैं. अभी तो ज्यादा दिक्कत नहीं है पर अगर यह खींचेगा तो पूरी दुनिया के साथ टाटा समूह पर भी असर पड़ेगा. लेकिन अभी स्थिति नियंत्रण में हैं. उन्होंने बताया कि टाटा स्टील और टाटा मोटर्स जमशेदपुर में करीब 11 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेंगी. इसको लेकर सरकार के साथ बातचीत चल रही है.
टाटा स्टील झरिया डिवीजन ने जेएन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित की
जोडापोखर : टाटा स्टील झरिया डिवीजन ने टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती के अवसर पर जामाडोबा स्थित जेनरल मैनेजर ऑफिस में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. विकास कुमार, चीफ (सिजुआ ग्रुप) ने टाटा समूह के संस्थापक को टाटा स्टील झरिया डिवीजन के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की. जामाडोबा एवं सिजुआ ग्रुप ऑफिस में भी संस्थापक को पुष्पांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर संस्थापक को श्रद्धांजलि देने के लिए उपस्थित प्रमुख लोगों में अमन (हेड, इंजीनियरिंग सर्विसेज), श्वेता मिश्रा (हेड, एडमिनिस्ट्रेशन), आलोक सिंह (हेड, प्लानिंग), अंशुल कुमार मिश्रा (ईए टू जीएम, कोल) सहित झरिया डिवीजन के अन्य कर्मचारी शामिल थे.
टाटा ग्रुप और टाटा स्टील हर साल जमशेदजी टाटा की जयंती को, जिन्हें ‘भारतीय उद्योग के जनक’ के रूप में भी जाना जाता है, अत्यंत हर्ष और उत्साह के साथ संस्थापक दिवस के रूप में मनाते हैं. इस वर्ष यह समूह अपने दूरदर्शी संस्थापक और मार्गदर्शक की 187वीं जयंती मना रहा है, जिन्होंने देश के औद्योगिक परिदृश्य को नई दिशा देते हुए उसे सशक्त और रूपांतरित किया. इस वर्ष के समारोह का विषय है — ‘वन विजन, वन टाटा स्टील.’
टाटा स्टील वेस्ट बोकारो डिवीजन ने संस्थापक को श्रद्धांजलि दी
रवींद्र कुमार (घाटोटांड): टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन में संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह व गरिमा के साथ मनाई गई. समारोह की शुरुआत 2 मार्च को जेएन टाटा पार्क में लाइटिंग प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुई. मुख्य अतिथि डिवीजन के चीफ, क्वायरी एसईबी नरेंद्र कुमार गुप्ता ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. पार्क को आकर्षक रोशनी और थीम आधारित सजावट से भव्य रूप दिया गया, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया. संस्थापक दिवस के अवसर पर टाउनशिप के प्रमुख स्थलों—जनरल मैनेजर ऑफिस, जनरल सर्विसेज ऑफिस, सीएमसी चौक, पटेल चौक तथा सर दोराबजी टाटा पार्क को भी रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया. विशेष विद्युत सज्जा से पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा.
3 मार्च को जेएन टाटा पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार गुप्ता के साथ चीफ, प्रोजेक्ट एंड कंस्ट्रक्शन, राजीव कुमार सिंह तथा अन्य अधिकारियों ने जमशेदजी टाटा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके उपरांत जनरल सर्विसेज ऑफिस में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई.
इस अवसर को और विशेष बनाते हुए वरिष्ठ प्रबंधन एवं अधिकारियों की पत्नियों ने टाटा मेन हॉस्पिटल, वेस्ट बोकारो में मरीजों के बीच फल वितरित किए.अस्पताल के चिकित्सकों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में मरीजों को स्नेह और संवेदना का संदेश दिया गया.
उल्लेखनीय है कि 3 मार्च को संस्थापक दिवस के रूप में मनाया जाता है. जमशेदजी टाटा की दूरदर्शिता और उनकी अमिट विरासत ने देश के औद्योगिक विकास को नई दिशा दी. आज भी उनके आदर्श टाटा स्टील के मूल्यों, नैतिकता और व्यावसायिक आचरण का मार्गदर्शन करते हैं. इस वर्ष समारोह का थीम ‘वन विजन, वन टाटा स्टील’ रहा, जिसने एकता, समर्पण और साझा लक्ष्य के संदेश को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया.
टाटा जयंती पर भव्य स्वास्थ्य शिविर, 77 मरीजों को मिला निशुल्क उपचार
नोवामुंडी: टाटा की जयंती के अवसर पर समाजसेवा और जनकल्याण की भावना को साकार करते हुए टाटा स्टील फाउंडेशन एवं टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), नोवामुंडी मेडिकल फ्रेटरनिटी के संयुक्त तत्वावधान में नोवामुंडी प्रखण्ड के खासजामदा में आज एक भव्य विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में 77 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां प्रदान की गई. शिविर में टीएमएच की ओर से डॉ गौरव मिश्रा (सीनियर रजिस्ट्रार), डॉ अमला शंकर चटर्जी (सीनियर रजिस्ट्रार), डॉ संगीता भादरा (नेत्र विशेषज्ञ), डॉ सुदेशना दास गुप्ता (शिशु रोग विशेषज्ञ) एवं फार्मासिस्ट हिमांशु मन्ना उपस्थित रहे. वहीं टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से डॉ कुशल कुमार साहू (पब्लिक हेल्थ ऑफिसर), समरज्योति गोपे (फार्मासिस्ट) तथा आशीष महतो (पब्लिक हेल्थ टीम) ने सक्रिय भूमिका निभाई.
शिविर की प्रमुख विशेषताएं:
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क परामर्श
बीपी, डायबिटीज (DM), हीमोग्लोबिन (Hb) सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच
मौके पर दवाइयों का वितरण
स्वस्थ जीवनशैली और अच्छी आदतों पर जागरूकता सत्र
ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इस शिविर में पहुंचे और विशेषज्ञों से लाभान्वित हुए. यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने का माध्यम बना, बल्कि लोगों में जागरूकता फैलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ. यह स्वास्थ्य शिविर जेआरडी टाटा के उस दूरदर्शी विचार को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिसमें समाज के कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवाएं पहुंचाने का संकल्प निहित था. कार्यक्रम ने एक बार फिर टाटा समूह की सामाजिक प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया.
टाटा जयंती पर टाटा स्टील अस्पताल में मरीजों के बीच फूड पैकेट का वितरण
नोवामुंडी : जेआरडी टाटा के जन्मोत्सव के अवसर पर आज नोवामुंडी टाटा स्टील अस्पताल में इलाजरत मरीजों के बीच प्रेरणा महिला समिति द्वारा फूड पैकेट का वितरण किया गया. इस अवसर पर प्रेरणा महिला समिति की सचिव प्रियंका रंजन के साथ ज्योति पाल, मौसुमी भट्टाचार्य, प्रीति गोयल, सिनी जॉर्ज तथा लीना तलेंगा उपस्थित रहीं. समिति की सदस्याओं ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का कुशल-क्षेम जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. कार्यक्रम के दौरान टाटा स्टील अस्पताल के चिकित्सकगण एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे. साथ ही, टाटा स्टील के अस्पताल कर्मियों द्वारा अस्पताल परिसर में स्थापित जेआरडी टाटा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया. प्रेरणा महिला समिति द्वारा सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ की गई इस पहल को उपस्थित सभी लोगों ने सराहा. यह आयोजन जेआरडी टाटा के आदर्शों और समाजसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का सशक्त संदेश देता है.
ये भी पढ़ें…
Chaibasa: भुइयांपुर अस्पताल में दिनभर लटका रहा ताला, भटकते रहे 3 गांव के ग्रामीण
Khunti: शहर से खदेड़ने के दौरान कुएं में गिरा हाथी, बड़ी मुश्किल से निकाला गया बाहर
