जन्मजात हृदय रोग से जंग जीत कर लौटे 5 मासूम, मिला नया जीवन

पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की तत्परता से जन्मजात हृदय रोग (कंजेनाइटल हार्ट डिजीज) से पीड़ित पांच बच्चों को नया जीवन मिला है. श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर (मुंबई और हैदराबाद) में सफल ऑपरेशन के बाद ये बच्चे स्वस्थ होकर अपने घर लौट आये हैं.

जिला प्रशासन की पहल पर मुंबई और हैदराबाद में हुआ मुफ्त ऑपरेशन, सिविल सर्जन ने पुष्पगुच्छ देकर किया स्वागत

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर.

पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की तत्परता से जन्मजात हृदय रोग (कंजेनाइटल हार्ट डिजीज) से पीड़ित पांच बच्चों को नया जीवन मिला है. मुंबई और हैदराबाद स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर में सफल व नि:शुल्क ऑपरेशन के बाद ये बच्चे पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट आये हैं. गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने पुष्पगुच्छ देकर बच्चों का स्वागत किया और उनके बेहतर भविष्य की कामना की.

इन बच्चों की लौटी मुस्कान

स्वस्थ होकर लौटने वाले बच्चों में ओमश्री (धालभूमगढ़), लतिका (पोटका), महेश्वर बास्के (धालभूमगढ़), संतोषी मुर्मू (बोड़ाम) और प्रेमवती सरदार (पोटका) शामिल हैं. इन बच्चों की पहचान ”राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम” की टीम द्वारा स्क्रीनिंग के दौरान की गयी थी.

मुफ्त इलाज व आवागमन की सुविधा

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि राज्य सरकार के समन्वय से चयनित संस्थानों में जांच, ऑपरेशन और आने-जाने का पूरा खर्च सरकार वहन करती है. उन्होंने अपील की कि अगर किसी बच्चे में जन्मजात बीमारी के लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें. समय पर पहचान होने से सफल उपचार संभव है. इस मौके पर डॉ. कमलेश प्रसाद और डॉ. राज नारायण तिवारी सहित मेडिकल टीम के कई विशेषज्ञ उपस्थित थे. बच्चों के अभिभावकों ने इस जीवनदायिनी पहल के लिये जिला प्रशासन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >