हाता : अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत में निरंतरता हो, तो जिम्मेदारियों के बीच भी सफलता की नई कहानी लिखी जा सकती है. इसे सच कर दिखाया है जुड़ी पंचायत के प्रेमनगर निवासी और गितीलता उच्च विद्यालय के शिक्षक दिनेश कुमार महतो ने. उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित UGC NET जून 2026 परीक्षा में 97.06 परसेंटाइल हासिल कर NET (Assistant Professor) की पात्रता प्राप्त की है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
मॉक टेस्ट के लगातार अभ्यास से मिली सफलता
दिनेश कुमार महतो ने शिक्षक की जिम्मेदारी निभाते हुए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को भी लगातार जारी रखा. उन्होंने बताया - परीक्षा की तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन करीब तीन से चार घंटे नियमित अध्ययन करते थे. पढ़ाई के दौरान विषयवार तैयारी के साथ नियमित रिवीजन और मॉक टेस्ट का लगातार अभ्यास उनकी रणनीति का अहम हिस्सा रहा. दिनेश महतो कहते हैं कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए केवल घंटों पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है. निरंतर मेहनत, अनुशासन, सही रणनीति और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, पत्नी, दोस्तों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों को दिया. उनका कहना है कि परिवार और सहयोगियों से मिले प्रोत्साहन ने उन्हें तैयारी के दौरान लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.
शिक्षक की जिम्मेदारी के साथ हासिल की बड़ी उपलब्धि
दिनेश कुमार महतो की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने विद्यालय में शिक्षक की जिम्मेदारियां निभाते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल की है. उनके UGC NET क्वालिफाई करने पर विद्यालय परिवार के शिक्षक-कर्मियों और विद्यार्थियों में उत्साह है. क्षेत्र के शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने भी दिनेश महतो को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि एक शिक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मुकाम हासिल करना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है.
