जमशेदपुर: टाटा स्टील यूआईएसएल के कर्मचारियों के बोनस को लेकर सोमवार को कंपनी प्रबंधन और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज श्रमिक यूनियन के बीच समझौता हुआ. इस साल कर्मचारियों को 17.85 फीसदी बोनस मिलेगा. समझौते के तहत न्यूनतम बोनस 33,176 रुपये और अधिकतम 34,23,294 रुपये होगा. बोनस की राशि इसी महीने कर्मचारियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी.
प्रतिनिधियों ने किया समझौते पर हस्ताक्षर
सोमवार को हुए समझौते पर कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, सीनियर जीएम विजय प्रकाश सिंह, जीएम संजय कुमार, जीएम राकेश कुमार श्रीवास्तव, जीएम रविंद्र कुमार सिंह, जीएम संजीव कुमार झा, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर ज्योति प्रकाश और सीएचआरओ देवी प्रसाद पंथाला ने हस्ताक्षर किए.
वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष अमरनाथ तिवारी, डिप्टी प्रेसीडेंट रविकांत शुक्ला, उपाध्यक्ष पिंटू शर्मा, अखिलेश कुमार राय, दिनेश कुमार महतो, महासचिव सीडीएस कृष्णन, सहायक सचिव संजू महतो, अवध किशोर सिंह और कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह ने समझौते पर हस्ताक्षर किए.
तीन साल के बोनस का रोडमैप तैयार
बोनस समझौते के साथ अगले तीन साल के लिए बोनस का फार्मूला और रोडमैप भी तय किया गया है. इस बार वर्तमान बोनस फार्मूले के आधार पर समझौता हुआ है, जबकि आने वाले तीन वर्षों के लिए भी बोनस को लेकर व्यवस्था तय कर ली गयी है.
यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने बताया कि वेज रिवीजन समझौते को लेकर भी कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता चल रही है. कोशिश है कि इसी महीने वेज रिवीजन समझौता भी कर लिया जाए.
