जमशेदपुर : औद्योगिक नगरी जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील के एलडी-वन प्लांट ने एक बार फिर उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान हासिल किया है. एलडी-वन टीम के प्राइमरी स्टील मेकिंग सेक्शन ने अपनी ही उत्कृष्टता को मात देते हुए 78 हीट बनाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है. इससे पूर्व इस सेक्शन के नाम एक दिन में 76 हीट बनाने का रिकॉर्ड दर्ज था, जिसे टीम ने अपनी कड़ी मेहनत और बेहतर समन्वय से पार कर लिया.
तीनों शिफ्टों के कर्मियों का रहा अभूतपूर्व योगदान
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने में तीनों शिफ्ट के कर्मचारियों का अभूतपूर्व योगदान रहा. विशेष रूप से फोरमैन घनश्याम राय, टूना सेठी, रामचंद्र मरांडी और अभिषेक पांडेय सहित शिफ्ट के सभी सदस्यों की मुस्तैदी ने इसे संभव बनाया. इस बड़े रिकॉर्ड को बनाने में एसएमएलपी कास्टर, क्रेन ऑपरेटर्स, मैकेनिकल और आइइएम सेक्शंस का भी तालमेल सराहनीय रहा. प्लांट के चीफ रंजय सिंह के एलडी-वन में कमान संभालने के महज कुछ ही दिनों के भीतर यह रिकॉर्ड बना है, जिससे कर्मचारियों का उत्साह चरम पर है.
सेक्शन के सभी कर्मचारियों को दी बधाई
इस सफलता के पीछे सेक्शनल हेड अमरनाथ मुखर्जी, सेक्शन सीनियर मैनेजर चंद्रदीप और सुजीत राय का कुशल नेतृत्व मुख्य आधार रहा. रिकॉर्ड की खबर मिलते ही चीफ रंजय सिंह अहले सुबह प्लांट पहुंचे और कर्मचारियों से मुलाकात की. उन्होंने यूनियन कमेटी मेंबर निरंजन प्रसाद और सेक्शन के सभी कर्मचारियों को बधाई दी. इस दौरान उन्होंने टाटा स्टील की मूल कार्यसंस्कृति को रेखांकित करते हुए कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी तरह पूरी सुरक्षा और प्रतिबद्धता के साथ उत्पादन जारी रखने के लिए प्रेरित किया.
