जमशेदपुर: टाटा स्टील पूरे शहर में पानी, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में काम करेगा. टाटा लीज क्षेत्र प्राथमिकता में है ही, लेकिन इसके बाहर के क्षेत्रों में भी इन तीनों मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा.
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम ने गुरुवार को सर दोराबजी टाटा पार्क में प्रभात खबर से बातचीत के दौरान शहर की भावी योजनाओं को लेकर यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि शहर में जहां भी मूलभूत सुविधाओं की कमी है, उसे दूर करने के लिए टाटा स्टील प्रतिबद्ध है. टाटा स्टील ने सरकार के समक्ष भी अपनी यह प्रतिबद्धता जतायी है. टाटा लीज एरिया में मौजूदा व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जायेगा, वहीं शहर के अन्य क्षेत्रों में भी सेवाओं का विस्तार किया जायेगा.
कीनन स्टेडियम में महिला क्रिकेट की होगी तैयारी
कीनन स्टेडियम के विकास को लेकर पूछे गये सवाल पर डीबी सुंदर रामम ने कहा कि झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और महासचिव के स्तर पर बातचीत हो चुकी है. टाटा स्टील की ओर से कीनन स्टेडियम को विकसित करने को लेकर हरी झंडी दे दी गयी है. स्टेडियम में महिला क्रिकेट को लेकर तैयारी करायी जायेगी. महिलाओं के खेल के विकास के लिए कीनन स्टेडियम में काफी व्यवस्था होगी. इसे लेकर सारी तैयारी कर ली गयी है.
टाटा लीज नवीकरण पर जल्द समझौते की उम्मीद
टाटा लीज के लंबित नवीकरण को लेकर डीबी सुंदर रामम ने कहा कि सरकार इस मामले में गंभीरता से कदम उठा रही है. आयुक्त के स्तर पर बैठक हो चुकी है. टाटा स्टील ने उतनी ही जमीन के लिए प्रस्ताव दिया है, जितनी पहले से थी. इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है. जल्द लीज नवीकरण हो जायेगा, ऐसी उम्मीद है.
