जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों के बोनस को लेकर गुरुवार को समझौता हो गया. टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक सह सीइओ टीवी नरेंद्रन और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु समेत अन्य पदाधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद 315 करोड़ रुपये बोनस देने पर सहमति बनी. समझौते पर प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किये.
पिछले साल से 11.88 करोड़ रुपये अधिक
इस साल कर्मचारियों को बोनस मद में कुल 315 करोड़ रुपये मिलेंगे. पिछले वर्ष 303.12 करोड़ रुपये बोनस के रूप में दिये गये थे. एमडी टीवी नरेंद्रन के साथ हुई वार्ता के बाद बोनस की राशि में बढ़ोतरी की गयी और अंततः 315 करोड़ रुपये पर समझौता हुआ. इससे कर्मचारियों में उत्साह है.
Also read: Tata Steel: कई वरिष्ठ अधिकारियों का प्रमोशन और तबादला, आज से लागू होंगे बदलाव
ओल्ड सीरीज में अधिकतम 4.52 लाख रुपये
समझौते के तहत ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों को अधिकतम 4,52,512 रुपये तक बोनस मिलेगा. वहीं एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के लिए अधिकतम बोनस 1,28,448 रुपये निर्धारित किया गया है. एनएस ग्रेड में न्यूनतम बोनस 39,016 रुपये मिलेगा. बोनस की राशि कर्मचारियों के ग्रेड और निर्धारित मानकों के आधार पर तय होगी.
जमशेदपुर के 11,021 समेत 25,603 कर्मियों को लाभ
बोनस समझौते का लाभ टाटा स्टील से जुड़ी विभिन्न कंपनियों और इकाइयों के कर्मचारियों को मिलेगा. कुल 25,603 कर्मचारी बोनस के हकदार होंगे. इनमें जमशेदपुर प्लांट के 11,021 कर्मचारी शामिल हैं.
इसके अलावा टिनप्लेट, तार कंपनी, टाटा स्टील कलिंगानगर, टिस्को ग्रोथ शॉप, माइंस और कोलियरी समेत टाटा स्टील से जुड़ी अन्य इकाइयों के कर्मचारियों को भी बोनस राशि मिलेगी.
Also read: जमशेदपुर में बोनस को लेकर बढ़ी हलचल, टाटा मोटर्स समेत इन कंपनियों पर टिकी नजर
