सूंढी समाज की वार्षिक सभा में 72 सेवानिवृत्त शिक्षक व 75 प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मानित

राजनगर के चालियामा में सूंढी समाज की वार्षिक सभा आयोजित हुई, जिसमें 72 सेवानिवृत्त शिक्षकों और 75 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.

हाता : राजनगर प्रखंड अंतर्गत चालियामा में सूंढी समाज उत्थान समिति पोटका सह राजनगर की वार्षिक साधारण सभा ग्राम प्रधान रविन्द्र नाथ मंडल की अध्यक्षता में हुई. इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान 72 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं व मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के 75 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.

शिक्षा, संस्कार और संगठन को मजबूत करने पर जोर

समिति के अध्यक्ष सोमेन मंडल ने कहा - समाज की उन्नति के लिए शिक्षा, संस्कार और संगठन को मजबूत करना जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान से उनमें बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह बढ़ता है, जबकि सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान नई पीढ़ी को उनके योगदान से प्रेरणा लेने का अवसर देता है. जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल ने भी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

72 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का हुआ सम्मान

साधारण सभा में 72 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया. वहीं, मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के 75 प्रतिभावान विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. बालक एवं बालिका वर्ग के विभिन्न संकायों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 12 विद्यार्थियों को समिति अध्यक्ष सोमेन मंडल ने चांदी की कलम देकर सम्मानित किया.

समाज की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष सुबोध चंद्र मंडल ने समिति का वार्षिक आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया. आशुतोष मंडल ने समाज में संस्कार, स्वपन कुमार मंडल ने संगठन विस्तार, आशीष कुमार मंडल ने आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों की तैयारी, असित कुमार मंडल ने समिति की गतिविधियों व दिलीप कुमार मंडल ने भविष्य की कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डाला.

गीत और कविता ने बांधा समां

कार्यक्रम का संचालन उज्ज्वल कुमार मंडल ने किया. वहीं, कृष्णपदो मंडल ने अतिथियों, सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का स्वागत किया. अमृता मंडल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. भवतारण मंडल ने कविता पाठ किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के उपाध्यक्ष दिलीप मंडल, सहसचिव स्वपन मंडल, समाजसेवी पोल्टू मंडल, असीत मंडल, स्वपन मंडल, अशोक मंडल, आशुतोष मंडल, आशीष मंडल, उत्तम मंडल, श्रीकान्त मंडल, सुबोध चंद्र मंडल, सुदीप मंडल, लाल्टू मंडल, शैलेन्द्रनाथ मंडल आदि का योगदान रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय सरदार

संजय सरदार को पत्रकारिता का 24 वर्षों का अनुभव हैं. वे वर्ष 2002 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में स्नातक किया है. ग्रामीण पत्रकारिता पर काफी काम किया है. वर्तमान में वे हाता से प्रतिनिधि हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >