Jamshedpur News : सोनारी : जबरन किरायेदार का सामान घर से बाहर फेंका, देखती रही पुलिस
Jamshedpur News : सोनारी परदेशीपाड़ा में रविवार को कुछ महिलाओं को साथ लेकर मकान मालिक के रिश्तेदार ने किरायेदार के घर का सामान जबरन कमरे से बाहर फेंक दिया.
पीड़ित ने विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज का भी लगाया आरोप
Jamshedpur News :
सोनारी परदेशीपाड़ा में रविवार को कुछ महिलाओं को साथ लेकर मकान मालिक के रिश्तेदार ने किरायेदार के घर का सामान जबरन कमरे से बाहर फेंक दिया. किरायेदार सुरेश महानंद व उनकी पत्नी रोहिणी महानंद ने इसका विरोध किया, तो महिलाओं ने गाली-गलौज व मारपीट की. इस दौरान उनलोगों के साथ कुछ युवक भी मौजूद थे. इस दौरान काफी हंगामा हुआ. लेकिन बस्ती से कोई भी विवाद को सुलझाने नहीं पहुंचा. घटना दोपहर करीब दो बजे की है. किरायेदार का सारा सामान घर से बाहर निकालने के बाद मकान मालिक के रिश्तेदार ने दरवाजा में ताला लगा दिया. इस दौरान करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा हुआ. पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना सोनारी थाना में दी. लेकिन पुलिस भी उनकी मदद को नहीं पहुंची. रोहिणी महानंद के अनुसार वह उक्त घर में पिछले चार वर्षों से रह रही है. मकान मालिक कोनिका बासु का बीमारी के कारण निधन हो गया. उन्हें कैंसर था. वह लेडी इंदर सिंह स्कूल तार कंपनी की शिक्षिका थी. उनके पति डॉक्टर थे. जिनका पूर्व में निधन हो गया था. रोहिणी महानंद के अनुसार शुरुआत में दो माह मैंने किराया दिया था. लेकिन बाद में मकान मालिक की देखरेख करने के कारण उन्होंने किराया देने से मना कर दिया था. मकान मालिक का एक बेटा था. उनका भी निधन हो गया है. परिवार में उनका कोई नहीं है. अचानक रविवार को मकान मालकीन के रिश्तेदार संजय सोम महिलाओं को लेकर आये और घर का सारा सामान बाहर फेंक दिया. इस दौरान पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन कोई मदद नहीं की. बल्कि पति को ही पकड़ कर थाना ले गयी. रोहिणी महानंद के अनुसार महिलाओं ने मेरे साथ भी मारपीट की है. रोहिणी महानंद के अनुसार जबरन घर खाली कराने में पन्ना सिंह जंघेल ने भी उनकी मदद की है.
पुलिस की मौजूदगी में हुआ सारा खेल
सोनारी परदेशीपाड़ा में सुरेश महानंद और रोहिणी महानंद का जिस वक्त जबरन महिलाओं द्वारा घर का सामान बाहर फेंका जा रहा था, वहां पुलिस भी मौजूद थी. सुरेश महानंद द्वारा विरोध करने पर पुलिस सुरेश महानंद को थाना ले गयी. हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.
किराया मांगने पर देता था धमकी : संजय सोम
सोनारी कागलनगर रोड नंबर-7 निवासी संजय सोम ने बताया कि उक्त घर मेरी बहन कोणिका बासु की है. उनका निधन हो गया है. महानंद का परिवार किराये के घर में रहता था. शुरुआत में उन्होंने किराया दिया. लेकिन बाद में किराया देना बंद कर दिया. मैंने किराया मांगा, तो उनके बेटे गाली-गलौज व धमकी देते थे. इसकी शिकायत मैंने थाना में भी की थी. उनकी हरकतों से तंग आकर रविवार को घर खाली कराया है. घर खाली कराने से पूर्व मैंने उन्हें नोटिस भी भेजा था. लेकिन उसका जवाब नहीं मिला.
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने बताया कि मकान मालिक व किरायेदार के बीच विवाद चल रहा है. किसी ने जबरन घर खाली कराने की लिखित शिकायत नहीं की है. पुलिस का काम घर खाली कराना या प्रवेश कराना नहीं है. लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.