तीन दिन तक घर में बंद रहा मां का शव, बाहर सामान्य घूमता रहा बेटा, दुर्गंध ने खोल दिया हत्या का राज

घाटशिला में बेटे ने मामूली बात पर मां की हत्या कर शव को 3 दिन घर में छिपाया। तेज दुर्गंध फैलने पर हुई सनसनीखेज वारदात का खुलासा।

घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के काशिदा न्यू कॉलोनी में बेटे ने मामूली बात पर अपनी मां की हत्या कर दी. वहीं, शव को तीन दिनों तक घर के अंदर एक कमरे में बंद रखा. सोमवार की रात घर से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद वारदात का खुलासा हुआ. मृतका की पहचान 56 वर्षीय उमा गोस्वामी के रूप में हुई. वह घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चतुर्थवर्गीय कर्मी के पद पर कार्यरत थीं. वह अपने छोटे बेटे गोवर्धन गोस्वामी के साथ काशिदा न्यू कॉलोनी स्थित अपने घर में रहती थीं, जबकि बड़े पुत्र गिरधारी गोस्वामी दुमका गांव में रहता है.

बेटे ने कबूल किया अपना जुर्म

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी बेटे गोवर्धन गोस्वामी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि शनिवार की सुबह मां ने उसे अस्पताल चलने के लिए कहा. इसपर वह गुस्से से आग बबूला हो गया. गुस्से में आकर उसने घर में रखी लकड़ी की कुंदी से मां के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गयी.

उमा गोस्वामी (फाइल फोटो).

पड़ोसियों को नहीं लगी भनक

हत्या की इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंदी लगा दी. इसके बाद वह बेहद शातिर तरीके से दूसरे कमरे में रहता था. घर के बाहर सामान्य रूप से आना-जाना करता रहा, जिससे आसपास के किसी भी पड़ोसी को भनक तक नहीं लगी. वह बाहर से भोजन-पानी कर घर में आ जाता था.

शव से दुर्गंध फैलने पर उजागर हुआ मामला

घटना के तीन दिन बाद यानी सोमवार की रात कॉलोनी में अचानक तेज दुर्गंध फैलने लगी. जब पड़ोसियों को संदेह हुआ, तो उन्होंने इसकी सूचना मृतका की बेटी को दी. मृतका की छोटी बेटी प्रमिला गोस्वामी मौके पर पहुंचीं और स्थिति को भांपते हुए तुरंत घाटशिला पुलिस को इसकी जानकारी दी.

घर में मुंह के बल पड़ा था शव, दृश्य देख स्तब्ध हो गये लोग

सूचना मिलते ही पुलिस स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों की मौजूदगी में रात करीब 10:30 बजे मौके पर पहुंची. घर का दरवाजा खुलवाया. अंदर एक कमरे में बाहर से कुंदी लगी हुई थी. जब दरवाजा खोला गया. उमा गोस्वामी का शव मुंह के बल पड़ा हुआ था, जो सड़ने लगा था. यह भयावह दृश्य देखकर वहां मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गये.

छोटी बेटी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी जब्त

मृतका की छोटी बेटी प्रमिला गोस्वामी के लिखित आवेदन पर घाटशिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी बेटे गोवर्धन गोस्वामी को हिरासत में ले लिया है. हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की कुंदी को भी जब्त कर लिया है.

आरोपी बेटा गोवर्धन गोस्वामी.

एमजीएम अस्पताल भेजा गया शव, आज होगा पोस्टमार्टम

मंगलवार को घाटशिला महिला थाना प्रभारी मंजुश्री कुंकल अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं. आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करायी. घटना की सूचना मिलते ही मृतका के दामाद प्रेम कुमार (पटना) और राहुल सिंह (नरसिंहगढ़) भी अस्पताल पहुंचे. अस्पतालकर्मी बासुदेव सीट और समाजसेवी कालीराम शर्मा के सहयोग से शव को पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया. हालांकि, करमा पूजा के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जो अब बुधवार को कराया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मो. युनूस परवेज

मो. युनूस परवेज वर्ष 1995 से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने घाटशिला महाविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और राजनीतिक विज्ञान ऑनर्स की डिग्री हासिल की है. इनकी राजनीति, अपराध, नक्सलवाद, खेल, शिक्षा और खेती किसानी की खबरों में विशेष रुचि है. डिजिटल जर्नलिज्म में 5 साल का अनुभव है.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >