जमशेदपुर : भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा में पूजनीय गौ माता की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जमशेदपुर में आगामी 18 से 20 सितंबर तक तीन दिवसीय ‘श्री गौ कृपा कथा महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा. कथा का आयोजन प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक बिष्टुपुर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम (नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल) में होगा. यह आयोजन ध्यान फाउंडेशन गौशाला चाकुलिया, पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन एवं श्री गोपाल परिवार सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है.
31 वर्षों से पदयात्रा कर रहे स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी सुनाएंगे कथा
महोत्सव में व्यासपीठ पर 'गौ पर्यावरण एवं अध्यात्म चेतना पदयात्रा' के प्रणेता परम पूज्य ग्वाल संतश्री गोपालाचार्य स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज विराजमान होंगे. हल्दीघाटी से शुरू हुई अपनी 31 वर्षीय पदयात्रा के माध्यम से वे देश भर में गौ-संरक्षण, पर्यावरण और अध्यात्म का संदेश दे रहे हैं. श्रद्धालुओं को उनके श्रीमुख से गौ-महिमा और सनातन संस्कृति के मर्म को जानने का अवसर मिलेगा. पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष मंटू अग्रवाल और कार्यक्रम संयोजक विजय आनंद मूनका ने बताया कि पितृपक्ष के पावन अवसर पर आयोजित यह महोत्सव गौ-सेवा और सनातन धर्म के प्रति सामाजिक चेतना जगाने का एक अनूठा प्रयास है.
25,000 से अधिक घायल गौवंश की नि:शुल्क सेवा जारी
वहीं, चाकुलिया स्थित ध्यान फाउंडेशन की विशाल गौशाला में वर्तमान में तस्करी और अवैध वध से बचाए गए 25,000 से अधिक असहाय व घायल गौवंश की नि:शुल्क सेवा और चिकित्सा की जा रही है. प्रेस प्रभारी कमल किशोर अग्रवाल ने शहर एवं आसपास के समस्त गौ-भक्तों से सपरिवार उपस्थित होकर कथा अमृत का पान करने की अपील की है. आर. के. अग्रवाल के मार्गदर्शन में मंटू अग्रवाल, बिमल बाकरेवाल, राजेश गर्ग, संदीप मुरारका, अभिषेक अग्रवाल 'गोल्डी' और आयोजन समिति के सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.
