वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी द्वारा मंगलवार को ''पद्मभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन उनुयहार जोहार यात्रा" का आयोजन किया जायेगा. यात्रा मानगो स्थित डिमना चौक से प्रारंभ होगी, जो लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए चाकुलिया तक जायेगी. यात्रा का मुख्य मकसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष, झारखंड आंदोलन में उनके योगदान और उनके विचारों को राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाना है.
जोहार यात्रा से पहले दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और आमजन एकत्र होकर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे. जोहार यात्रा के दौरान नारगा, घाटशिला सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों पर 15-15 मिनट का ठहराव होगा. इस दौरान अलग वरिष्ठ आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जायेगा. झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने बताया कि चाकुलिया पहुंचने पर जोहार यात्रा एक विशाल जनसभा में तब्दील हो जायेगी. जिसमें दिशोम गुरु के बताये मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया जायेगा.
शहर में शिबू सोरेन की पहली प्रतिमा का आज सोनारी में होगा अनावरण
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर जमशेदपुर में उनकी पहली प्रतिमा स्थापित की जा रही है. शहर के सोनारी ईस्ट स्थित स्थल पर मंगलवार को प्रतिमा का अनावरण किया जायेगा. इसे लेकर झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. झामुमो के केंद्रीय सदस्य पवन कुमार ने बताया कि शहर में पहली बार दिशोम गुरु की प्रतिमा स्थापित की जा रही है. आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
