जमशेदपुर: मानगो डिमना रोड स्थित आरवीएस एकेडमी को नयी दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026 में झारखंड के सर्वश्रेष्ठ स्कूल के रूप में सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार भारत सरकार के शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार द्वारा प्रदान किया गया.
इस दौरान उत्तर पूर्व दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी सहित देश के प्रमुख शिक्षाविद मौजूद थे. यह सम्मान आरवीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन बिंदा सिंह और प्रिंसिपल वीशा मोहिंद्रा ने ग्रहण किया. इसे स्कूल की शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों और समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया गया.
बिंदा सिंह ने कहा कि देशभर के प्रतिष्ठित स्कूलों की उपस्थिति के बीच यह सम्मान पाना आरवीएस एकेडमी और झारखंड राज्य दोनों के लिए अत्यंत गर्व का विषय है. प्रिंसिपल वीशा मोहिंद्रा ने इस उपलब्धि का श्रेय समर्पित शिक्षकों, मेहनती छात्रों और सहयोगी अभिभावकों को देते हुए पूरी टीम को बधाई दी.
