झारखंड में राजनाथ सिंह व अरविंद केजरीवाल की सभा आज, कल आयेंगी प्रियंका गांधी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज झारखंड में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. राजनाथ सिंह जहां धनबाद से भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो के पक्ष में प्रचार करेंगे तो वहीं, अरविंद केजरीवाल इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में सभा करेंगे.

रांची : देश के छठे चरण और झारखंड में तीसरे चरण का मतदान 25 मई, शनिवार को होना है. इस चरण में राज्य की चार सीटों रांची, जमशेदपुर, धनबाद और गिरिडीह सीट के लिए मतदान होना है. इस चरण के चुनाव प्रचार में अब दलों ने जोर लगा दिया है. इस क्रम में एनडीए और इंडिया गठबंधन के स्टार प्रचारक कई चुनावी सभाएं करेंगे.

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को बोकारो में भाजपा के धनबाद लोकसभा सीट से प्रत्याशी ढुलू महतो के समर्थन में दोपहर 12:35 बजे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. वहीं, ढुलू महतो के समर्थन में 22 मई को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिश्व सरमा चंदनकियारी में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. सोमवार को नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनावी सभा मे हजारों की संख्या में एनडीए गठबंधन में शामिल पार्टी के कार्यकर्ता जुटेंगे.

इधर, कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी 22 मई को गोड्डा और रांची में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी. रांची के नामकुम स्थित हाइटेंशन मैदान में दोपहर एक बजे पार्टी प्रत्याशी यशस्विनी सहाय के पक्ष में वह सभा को संबोधित करेंगी. वहीं गोड्डा के मेला मैदान में दिन के साढ़े दस बजे कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव के पक्ष में इंडिया गठबंधन के समर्थकों का जुटान होगा. वहीं मंगलवार को बिष्टुपुर गोपाल मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में सभा करेंगे. इन सभाओं में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, कल्पना सोरेन भी रहेंगे.

Also Read: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की बोकारो में चुनावी सभा 21 मई को, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ढुलू महतो के पक्ष में करेंगे प्रचार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >