jamshedpur news : जुगसलाई और बागबेड़ा क्षेत्र में रेलवे ने हटाया अतिक्रमण
रविवार को भी खासमहल से संकटा सिंह पेट्रोल पंप की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई की गयी
jamshedpur news :
टाटानगर रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण प्रोजेक्ट को लेकर सड़क मार्ग में आने वाले अतिक्रमणों को हटाने का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में रविवार को भी खासमहल से संकटा सिंह पेट्रोल पंप की ओर जाने वाले मार्ग पर प्रशासन ने कार्रवाई की. अभियान के दौरान कई झोपड़ियों, रेलवे क्वार्टर, यूनियन कार्यालय, कार्यालय भवन, दीवार समेत कई निर्माणों को ध्वस्त किया गया. खास तौर पर संकटा सिंह पेट्रोल पंप के पास स्थित रेल जीआरपी पुलिस यूनियन कार्यालय एवं अन्य संरचनाओं को भी हटाया गया. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन के मुख्य भवन के निर्माण से पहले नये पार्किंग क्षेत्र का विकास किया जायेगा. वहीं, रेलवे चक्रधरपुर डिवीजन के लैंड पदाधिकारी उपेंद्र सिंह ने कहा कि री-डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत चिह्नित मार्ग पर स्थित सभी अवैध एवं बाधा उत्पन्न करने वाले निर्माणों को नियमानुसार हटाया गया है. इस कार्रवाई के दौरान कार्यालय, यूनियन कार्यालय, रेलवे क्वार्टर, इंस्टीट्यूट, होटल सहित अस्थायी झोपड़ियों को ध्वस्त किया गया.