000 साकची, स्टेशन, मानगो व घाटशिला में चलेगा हस्ताक्षर अभियान

यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति ने अपने आंदोलन को धार देते हुए अब इसके दायरे को विस्तार देने का निर्णय लिया है.

– यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक में निर्णय

– खड़गपुर मंडल में ट्रेनों की लेटलतीफी के विरोध में भी मोर्चा खोलने पर हुई चर्चा

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति शहर के अलावा घाटशिला में भी व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलायेगी. 17 मई को साकची गोलचक्कर, 18 मई को टाटानगर स्टेशन के पास स्टार टॉकीज, 19 मई को डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल के पास और 24 मई को घाटशिला में अभियान चलाया जायेगा. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बारीडीह स्थित कार्यालय में रविवार को आयोजित बैठक में उक्त निर्णय लिया गया. बैठक में विधायक सरयू राय ने कहा कि हम लोग आंदोलनजीवी नहीं हैं, बल्कि आम जनता की तकलीफों को दूर करने के लिए आवाज उठा रहे हैं. रेलवे की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई ट्रेनें चांडिल तक तो राइट टाइम आती हैं, लेकिन वहां से टाटानगर की चंद किमी की दूरी तय करने में 30 मिनट से 5 घंटे तक लग जाते हैं. वंदे भारत एक्सप्रेस भी 30 मिनट की देरी से चल रही है. रेलवे की लचर व्यवस्था के कारण आम यात्रियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है.

समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने बताया कि चक्रधरपुर मंडल की अव्यवस्था के खिलाफ आंदोलन को जन-जन तक ले जाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा. खड़गपुर मंडल में ट्रेनों की लेटलतीफी के विरोध में भी मोर्चा खोला जायेगा. घाटशिला के नगर पार्षद करण सिंह ने कहा कि घाटशिला, चाकुलिया आदि से बच्चे पढ़ने के लिए ट्रेन से जमशेदपुर आते हैं. ट्रेनें लेट होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है. मजदूरों को काम भी नहीं मिल पाता है.

सीएम के ट्विट से रेलवे में हड़कंप

जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि इस आंदोलन की धमक झारखंड के मुख्यमंत्री तक पहुंची है. जिन्होंने रेल मंत्री को ट्विट कर चिंता जताई है. बैठक में आजसू जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, मुकेश मित्तल, आफताब अहमद सिद्दिकी, सुबोध श्रीवास्तव, कौशल किशोर व करण सिंह ने भी अपने विचार रखे. वक्ताओं ने कहा कि ट्रेनों की लेटलतीफी से विद्यार्थियों और मजदूरों का भविष्य दांव पर है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ASHOK JHA

ASHOK JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >