जमशेदपुर बिष्टुपुर स्थित नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए परिसर में 150 किलोवाट का सोलर पावर प्लांट शुरू किया है. विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष नकुल कमानी ने इस प्लांट को समर्पित किया. इस परियोजना का निर्माण यूनिवर्सल एनर्जी द्वारा किया गया है. उच्च दक्षता वाली टॉपकॉन टेक्नोलॉजी और वारी सोलर पैनल्स से बना यह संयंत्र जमशेदपुर के सबसे बड़े सोलर प्रोजेक्ट्स में से एक है.
यह प्लांट टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड की नेट मीटरिंग योजना के तहत काम करेगा, जिससे अतिरिक्त बिजली ग्रिड में चली जायेगी और स्कूल के बिजली बिल में समायोजित होगी.
यह प्लांट हर साल करीब 3,375 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को कम करेगा, जो कि 3,835 पेड़ों को बचाने के बराबर है. स्कूल के अध्यक्ष नकुल कमानी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को केवल किताबों से ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक रूप से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और जागरूक बनाना है. इस अवसर पर स्कूल परिसर में पौधरोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें छठी क्लास के विद्यार्थियों ने औषधीय पौधे लगाये और कक्षा 12 के छात्रों ने विभिन्न पेड़ लगाकर हरियाली बढ़ाने में योगदान दिया.
