ये अस्पताल ही है बीमार..लिफ्ट में फंसे मरीजों की अटकी जान, कई देर बाद हुआ रेसक्यू

जमशेदपुर के MGM अस्पताल में मरीजों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हाल ही में लिफ्ट में 20-25 लोगों के फंसने की घटना ने अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह कोई नई समस्या नहीं है, क्योंकि पहले भी कई लिफ्ट खराब पाई गई हैं.

जमशेदपुर: कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल MGM में मरीजों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है. सरकार की ओर से अस्पताल में लगातार बेहतर सुविधाएं और व्यवस्था उपलब्ध कराने के दावे किये जाते हैं, लेकिन अस्पताल की जमीनी तस्वीर इन दावों से अलग नजर आती है. शनिवार को इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को उस समय बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब करीब 20 से 25 लोगों से भरी लिफ्ट अचानक बीच में ही रुक गयी.

लिफ्ट के अचानक बंद होने के बाद उसमें मौजूद मरीज और उनके परिजन काफी देर तक फंसे रहे. करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद सभी लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाला जा सका. इस घटना ने एक बार फिर अस्पताल में लिफ्ट जैसी बुनियादी सुविधा की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं.

लिफ्ट से बच्ची को निकालते लोग

लिफ्ट में फंस रहे मरीज, व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

MGM अस्पताल में लिफ्ट की समस्या कोई नयी नहीं है. कुछ दिन पहले ही अस्पताल में खराब पड़ी लिफ्टों को लेकर खबर सामने आयी थी. जून में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल में कुल 16 लिफ्ट हैं, जिनमें 12 लिफ्ट खराब थीं. उस समय केवल चार लिफ्ट के चालू होने की बात सामने आयी थी. इसके कारण बुजुर्ग मरीजों, गर्भवती महिलाओं और कर्मचारियों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा था.

दवाओं की पेटियां भी कर्मचारी सीढ़ियों से ऊपर-नीचे ले जाने को मजबूर थे. अब मरीजों के लिफ्ट में फंसने की घटना ने समस्या को और गंभीर बना दिया है.

स्रोतों के अनुसार, अस्पताल में लिफ्ट को लेकर लगातार परेशानी बनी रहती है. लिफ्ट की चाबी होमगार्ड के पास रहती है. कई बार गार्ड के चाबी गुम कर देने के कारण लिफ्ट का संचालन प्रभावित होता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ती है. शनिवार को लिफ्ट में 20 से 25 लोगों के फंसने की घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गये हैं.

स्ट्रेचर पर इलाज अब आम बात

MGM अस्पताल में मरीजों के इलाज को लेकर भी कई बार अव्यवस्था की तस्वीर सामने आती रही है. अस्पताल में स्ट्रेचर पर मरीजों का इलाज होना अब जैसे आम बात हो गयी है. अस्पताल में बेहतर व्यवस्था और सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात लगातार कही जाती है, लेकिन मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के लिए ही जूझना पड़ रहा है.

16 लिफ्ट में 12 खराब होने की आयी थी खबर

जून में सामने आयी जानकारी के अनुसार, MGM अस्पताल में 16 लिफ्टों में से 12 खराब थीं. इसके कारण मरीजों और कर्मचारियों को काफी परेशानी हो रही थी. अस्पताल प्रबंधन की ओर से तब सभी लिफ्टों के लिए तीन साल का मेंटेनेंस एग्रीमेंट कराने की प्रक्रिया चलने की जानकारी दी गयी थी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >