Jamshedpur News : दिनभर बेटे की सलामती के लिए माता-पिता मंदिर में करते रहे पूजा, शाम में नदी से मिली लाश
Copied link
चांडिल के प्रसिद्ध जयदा मंदिर के समीप सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान डूबे जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के पंचवटीनगर, सिदो-कान्हू बस्ती, जोन नंबर-2 निवासी प्रेम कुमार उर्फ बल्लू (23) का शव 24 घंटे के बाद नदी से बाहर निकाला गया.
एनडीआरएफ की टीम ने करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव
बेटे का शव देखते ही बिलखने लगे माता-पिता
Jamshedpur News :
चांडिल के प्रसिद्ध जयदा मंदिर के समीप सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान डूबे जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के पंचवटीनगर, सिदो-कान्हू बस्ती, जोन नंबर-2 निवासी प्रेम कुमार उर्फ बल्लू (23) का शव 24 घंटे के बाद नदी से बाहर निकाला गया. मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे एनडीआरएफ की टीम जयदा सुवर्णरेखा नदी घाट में डूबे बल्लू को खोजने के लिए नदी में उतरी थी. करीब 9 घंटे की मशक्कत के बाद बल्लू के शव को शाम साढ़े पांच बजे नदी से निकाला गया. नदी के उपरी भाग में छानबीन के बाद एनडीआरएफ की टीम पानी के भीतर गयी और वहीं से बल्लू के शव को बाहर निकाला. बेटे का शव देखते ही बल्लू के माता-पिता बिलखने लगे. मां बेसुध हो गयी. मौके पर मौजूद परिवार के लोगों ने बल्लू के माता- पिता को संभाला और लेकर मौके से चले गये. उसके बाद चौका पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.बल्लू की सलामती के लिए उसके माता-पिता मंगलवार को पूरे दिन जयदा मंदिर में पूजा करते रहे. लेकिन शाम साढ़े पांच बजे जैसे ही बेटे का शव देखा, तो माता-पिता दहाड़ मारकर रोने लगे. मां बार-बार बेहोश हो रही थी. परिजनों ने बताया कि बल्लू पढ़ाई में काफी तेज था. वह इंजीनियरिंग की परीक्षा की तैयारी कर रहा था.
घटनास्थल पर पहुंचे विधायक-एसडीओ
युवक के डूबने की खबर सुनने के बाद मंगलवार को ईचागढ़ की विधायक सबिता महतो, चांडिल के एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता घटनास्थल पहुंचे. इस दौरान विधायक ने भविष्य में इस तरह की घटना न हो इसको लेकर प्रशासन को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
क्या है घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार उर्फ बल्लू अपने दोस्त आशुदेव कुमार के साथ सोमवार को बाइक से चांडिल घूमने निकला था. शाम में दोनों जयदा मंदिर के पास पहुंचे और मंदिर परिसर के नीचे स्थित घाट पर बल्लू नदी के पानी में उतर गया. वहीं, उसका दोस्त आशुदेव कुमार किनारे पर खड़े होकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था. कुछ देर बाद ही बल्लू गहरे पानी में चला गया और डूब गया. शाम होने की वजह से नदी के आसपास कोई नहीं था.
राजेश कुमार सिंह, 19 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे है. कटिहार जिला के मनिहारी अनुमंडल से प्रिंट के साथ डिजिटल में तीन वर्षों से कार्य कर रहे हैं. राजनीति, समाजिक क्षेत्र में गहरी रूचि रखते हैं.