परीक्षा का तनाव हो या रिश्तों की उलझन... ‘मुस्कान’ देगी सहारा, इस हेल्पलाइन नंबर पर 24 घंटे निःशुल्क काउंसलिंग

जीवन के किसी भी मोड़ पर तनाव दस्तक दे सकता है. जमशेदपुर की संस्था 'मुस्कान' छात्रों और तनावग्रस्त लोगों को 13 वर्षों से निःशुल्क परामर्श दे रही है. 24 घंटे हेल्पलाइन उपलब्ध है.

जमशेदपुर : परीक्षा का दबाव हो, पढ़ाई में मनमाफिक अंक या कोर्स नहीं मिलने की चिंता, नौकरी का तनाव, प्रेम संबंध या पारिवारिक विवाद... तनाव जिंदगी के किसी भी मोड़ पर दस्तक दे सकता है. ऐसे वक्त में खुद को अकेला समझने के बजाय मदद लेना जरूरी है. विश्व आत्महत्या निषेध दिवस पर जमशेदपुर की तनाव निवारण संस्था ‘मुस्कान’ ने टेल्को स्थित हिलटॉप स्कूल में कार्यशाला आयोजित कर छात्रों को तनाव से निपटने के तरीके बताये. कार्यक्रम में टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए तनाव की स्थिति में ‘मुस्कान’ से संपर्क करने की अपील की.

तनाव हो तो अकेले न रहें, मुस्कान से लें सहयोग

कार्यशाला का उद्घाटन टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने कहा - संस्था ‘मुस्कान’ शहर में तनाव से जूझ रहे लोगों के लिए सराहनीय काम कर रही है. किसी भी व्यक्ति को मानसिक तनाव या परेशानी महसूस हो तो वह संस्था से संपर्क कर सकता है. उन्होंने बताया कि ‘मुस्कान’ की 24 घंटे हेल्पलाइन 8092867918 पर निःशुल्क और गोपनीय काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध है. जरूरत के समय किसी से बात करना और उचित परामर्श लेना बेहद महत्वपूर्ण है.

उपस्थित लोग.

परीक्षा के दबाव से कैसे निकलें? छात्रों को बताये आसान उपाय

कार्यशाला में टाटा मोटर्स अस्पताल की मनोचिकित्सक एवं काउंसलर डॉ रोशली बोई, डिंपल मालवणी और काउंसलर चंदेश्वर खां ने छात्रों से संवाद किया. विशेषज्ञों ने परीक्षा के तनाव को कम करने, पढ़ाई के दबाव से निपटने और बेहतर प्रदर्शन के लिए कई व्यावहारिक उपाय बताये. छात्रों को समझाया गया कि परीक्षा में अपेक्षा के अनुरूप अंक नहीं आने या मनपसंद कोर्स नहीं मिलने को जिंदगी की असफलता नहीं मानना चाहिए. नियमित पढ़ाई, बेहतर समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के साथ तनाव को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है.

13 वर्षों से तनावग्रस्त लोगों को निःशुल्क सेवा दे रही ‘मुस्कान’

संस्था के अध्यक्ष शशि भूषण मिश्रा ने बताया - ‘मुस्कान’ पिछले 13 वर्षों से शहर में तनाव से जूझ रहे लोगों को निःशुल्क परामर्श दे रही है. संस्था का उद्देश्य है कि ‘सभी तनाव मुक्त रहें और सभी के चेहरों पर मुस्कान हो.’ उन्होंने बताया कि संस्था की टीम उचित परामर्श के माध्यम से अब तक करीब 44 लोगों की जान बचाने में सफल रही है. संस्था के कार्यों के लिए टाटा मोटर्स की ओर से ‘अलंकार अवार्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है.

पढ़ाई से लेकर पारिवारिक विवाद तक, इन मामलों में मिलती है मदद

संस्था के अनुसार, अलग-अलग परिस्थितियों में लोग तनाव का सामना करते हैं. इनमें - परीक्षा में अपेक्षा के अनुरूप अंक या मनपसंद कोर्स नहीं मिलना अभिभावकों का पढ़ाई को लेकर अत्यधिक दबाव दूसरों से लगातार तुलना नौकरी और काम का दबाव प्रेम संबंधों से जुड़ी परेशानियां पारिवारिक विवाद रिश्तों में अविश्वास और संदेह जैसी समस्याएं शामिल हैं. संस्था की टीम ऐसे मामलों में उचित परामर्श देकर लोगों को तनाव से बाहर निकलने में मदद करती है.

जीवन में तनाव जरूरी है, जैसे चाय में चीनी

मुस्कान के महासचिव एवं काउंसलर बिजेंद्र कुमार ने कहा - जीवन में तनाव का होना जरूरी है, “जैसे चाय में चीनी.” लेकिन तनाव जब हावी होने लगे और व्यक्ति के सामान्य जीवन को प्रभावित करने लगे, तब समय रहते मदद और परामर्श लेना जरूरी है. कार्यक्रम का संचालन उदय चंद्रवंशी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षिका शीतल सिंह ने किया.

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में टाटा मोटर्स से सौमिक राय, मानसी की अध्यक्ष मनीषा छारिया, रीना पदन, मौशमी दास, डॉ आयुष कुमार, डॉ संतोष कुमार, डॉ रोशली बोई, डिंपल मालवणी, काउंसलर चंदेश्वर खां, प्राचार्या मीना विल्खु, उमा तिवारी, संगीता हलधर, प्रीति सिन्हा, सुमिता डे, मुस्कान के अध्यक्ष शशि भूषण मिश्रा, महासचिव बिजेंद्र कुमार, प्रदीप सिंह भोजपुरिया, राज कुमार सिंह, कौशलेश तिवारी, अनिल गिरी, राजेश पांडेय, योगेश पांडेय, संजय प्रसाद और अंकिता सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साहिल अस्थाना

साहिल अस्थाना पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता के दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर खबरों को कवर करते हुए जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग और समाचार लेखन का अनुभव हासिल किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल से बतौर कंटेंट राइटर जुड़े हुए हैं. अपने वर्तमान कार्यक्षेत्र में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करते हैं. समाचारों को सरल, तथ्यपरक और पाठकों के लिए प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की खासियत है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >