मुसाबनी : मुसाबनी पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. आठ चोरी की बाइक भी जब्त की है. पुलिस ने पत्रकारों के समक्ष बाइक चोर गिरोह के सदस्यों को प्रस्तुत किया. साथ ही बताया कि किस तरह चोरी करते थे. एसएसपी के निर्देशानुसार ग्रामीण एसपी द्वारा मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवाड़ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने इस गिरोह का उद्भेदन किया है.
गुप्त सूचना पर की गयी कार्रवाई
इस संबंध में मुसाबनी थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बाइक चोरी के अभियुक्त सेरंगबेड़ा, छोटा गोविंदपुर निवासी सुखदेव लोहार एवं मुसाबनी थाना क्षेत्र के लाटिया डूंगरीडीह निवासी तोता माहली उर्फ टोपा महाली को गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुसाबनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटकी मैदान के पास दो व्यक्तियों द्वारा चोरी की बाइक के खरीद बिक्री की योजना है.
दो लोगों को घेराबंदी कर पकड़ा
सूचना के आलोक में मुसाबनी थाना की टीम ने कटकी मैदान पहुंचकर और घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को चोरी की बाइक एवं स्कूटी के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. अभियुक्तों से कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया गया कि सभी अपराधी संगठित गिरोह बनाकर सुनियोजित तरीके से जमशेदपुर शहर एवं अन्य एवं भिन्न-भिन्न थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटना को अंजाम देते हैं. ग्रामीण इलाके में उसको बेचने का काम करते है.
निशानदेही पर 8 चोरी की बाइक एवं स्कूटी जब्त
पुलिस ने एक लाल रंग की टीवीएस बाइक, तीन काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक, काले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी, काला नीला रंग की एक स्प्लेंडर हीरो, एक काले रंग की पैशन प्रो बाइक, नीले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी के अलावा एक इंफिनिक्स कंपनी का एंड्रॉयड फोन और एक कीपैड फोन जब्त किया है. छापामारी दल में डीएसपी मुसाबनी, मुसाबनी के थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह, गुड़ाबांदा के थाना प्रभारी सुमित यादव, मुसाबनी के पुअनि अरविंद कुमार, सअनि चंद्र टुडू, हवलदार संदीप उरांव, आरक्षी बिहारी उरांव, मनोज कुमार सामद, जुरिया हेंब्रम शामिल थे.
इसके पूर्व 17 बाइक हुई थी जब्त, तीन पकड़ाए
इससे पूर्व पुलिस ने गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में चोरी की 17 बाइक बरामद कर तीन अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा था. इस बारामदी के साथ अब तक इस क्षेत्र ( गुड़ाबांदा तथा मुसाबनी थाना क्षेत्र ) से चोरी की 25 बाइक एवं स्कूटी को पुलिस ने बरामद किया है तथा बाइक चोरी गिरोह के पांच अभियुक्तों को हिरासत में लिया है.
